हेलो डॉक्टर... जन्म के बाद अस्पताल से छुट्टी से पहले बच्चे की कुछ जांचे जरूर कराएं, पीलिया समेत कई जोखिम से बचेंगे
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय ने जन्म के बाद नवजात शिशुओं के लिए थायराइड, रक्त समूह, सुनने और हृदय की जांच को महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. अमित उपाध्याय।
HighLights
जन्म के बाद थायराइड, सुनने और हृदय की जांच आवश्यक।
नवजात को पीलिया, संक्रमण से बचाने को उचित देखभाल जरूरी।
कंगारू मदर केयर, टीकाकरण बच्चों के स्वास्थ्य में सहायक।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जन्म के बाद अस्पताल से छुट्टी से पहले बच्चे की कुछ जांचे बहुत उपयोगी होती हैं। थायराइड की जांच जन्म के 48 से 72 घंटे के बीच करा लेनी चाहिए। थायराइड हार्मोन की कमी समय पर पता लगाकर इलाज हो जाए तो बच्चे के मस्तिष्क और शारीरिक विकास को नुकसान से बचाया जा सकता है।
बच्चे का ब्लड ग्रुप अलग से जांचना जरूरी नहीं होता, यदि मां आरएच निगेटिव हो या ओ ब्लड ग्रुप की हो तो बच्चे के ब्लड की जांच करा लेनी चाहिए। इससे पीलिया के जोखिम से बचा जा सकता है। इसके साथ ही सुनने की क्षमता (ओएई ) और हृदय की जांच (एसपीओ-2 ) भी जरूरी होती है।
कई बार बच्चों के दिल में छेद होते हैं, जो उम्र के साथ बड़ी समस्या बन जाते हैं। यह बातें रविवार को दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा. अमित उपाध्याय ने कही। उन्होंने फोन पर लोगों के सवालों के जवाब दिए।
मेरी बेटी पांच साल की है। सर्दी, जुकाम कई दिनों से है। दवा देने के बाद भी ठीक नहीं हो रहा है।-बबलू, मवाना।
परेशान होने की जरूरत नहीं है। दवा के साथ भाप दें।
आठ दिन का बच्चा है, पीला रिसाव नाल से आ रहा है। -विकास, ब्रह्मपुरी।
यदि बुखार आए तो डाक्टर को दिखाएं अन्यथा परेशान न हों।
बच्चा मुंह और नाक से दूध निकाल देता है। ऐसा क्यों है।-साेनू अमरोहा।
नाक से दूध निकालना कोई बीमारी नहीं है। यदि बार-बार उल्टी करे, सुस्त हो जाए या यूरीन कम हो तब डॉक्टर को दिखाएं।
तीन महीने का बच्चा है। दूध पीते-पीते सो जाता है।- दीप्ति, मेरठ।
यह सामान्य बात है। चिंता करने की जरूरत नहीं है।
छह साल की बेटी है। कमजोर है। सर्दी -जुकाम और खाना भी कम खाती है। ब्रह्म सिंह कुशवाहा, मीनाक्षीपुरम।
फ्लू वैक्सीन लगवाएं। एलर्जिक राइनाइटिस की समस्या हो सकती है। डॉक्टर को दिखाएं।
मेरा दो महीने का बेटा है। दिन भर सोता है, रात में जागता है। -रश्मि, सुभाष नगर।
ये किसी बीमारी के लक्षण नहीं हैं। ऐसा होता है।
10 साल का बेटा है। सर्दी-जुकाम, वायरल बना रहता है। कई जगह दिखा लिया लेकिन ठीक नहीं हो रहा है।-मुकुल त्यागी, मवाना।
सर्दी-जुकाम के लिए नेजल स्प्रे ले लें। विशेषज्ञ चिकित्सक को दिखाएं।
मेरी बच्ची चार दिन की है। उसकी आंखें व चेहरा पीले दिख रहे हैं। घरवाले धूप में रखने काे कहते हैं। क्या करना चाहिए।- नीलम, सुपरटेक ग्रीन विलेज।
केवल धूप दिखाना पर्याप्त नहीं है। नवजात में पीलिया गंभीर हो सकता है। जांच और सही इलाज के लिए डॉक्टर को दिखाएं।
सर्दियों में बच्चे के हाथ-पैर ठंडे लगते हैं। कंबल या कई कपड़े पहना देते हैं। कैसे समझ़े कि बच्चे को ठंड लग रही है या गर्म।- पुष्पा, मोहनपुरी।
बच्चे के हाथ-पैर अक्सर ठंडे रहते हैं। सही तापमान जानने के लिए उसकी छाती या पेट छुएं। पसीना आना या गर्दन गर्म होना ज्यादा गर्मी का संकेत है।
बच्चे की नाभि की नाम अभी गिरी नहीं है। घी और हल्दी लगाना ठीक रहेगा।- कोमल, नई बस्ती।
घी या हल्दी बिल्कुल न लगाएं, इससे संक्रमण हो सकता है। इसे सूखा और साफ रखें। सूजन या बदबू आने पर तुरंत डाक्टर को दिखाएं।
दूध निकालने के डर से बच्चे को करवट या पेट के बल सुलाते हैं। सिर के नीचे तकिया रखते हैं। क्या सही है-परमेश्वर, बिजनौर।
यह बिल्कुल असुरक्षित है। दम घुटने का खतरा रहता है। बच्चे को हमेशा समतल, सख्त गद्दे पर बिना तकिए के केवल पीठ के बल ही सुलाएं।
जागरण के पांच सवाल
प्री-मैच्योर बच्चे के लिए कंगारू मदर केयर कैसे काम करता है। यह इलाज के लिए कितना सहायक है।
नवजात शिशु या समय से पूर्व जन्म लेने वाले प्री-मैच्योर बच्चे के इलाज में स्किन टू स्किन कांटैक्ट या कंगारू मदर केयर का अहम रोल है। प्री-मैच्योर और कम वजन के बच्चों के उपचार के लिए इसकी उपयोगिता ज्यादा है। पहले वार्मर पर लिटाकर बच्चे का उपचार करते थे, लेकिन अब कंगारू मदर केयर के तहत बच्चे का मां की छाती पर लिटा दिया जाता है। इससे स्किन टू स्किन कांटैक्ट के तहत मां के तापमान के साथ बच्चे का तापमान संतुलित रखने के बहुत मदद मिलती है। सीधे फीडिंग करा सकते हैं। इससे निमोनिया, डायरिया, हाइपोथर्मिया, हाइपोग्लाइसीमिया का रिक्स कम हो जाता है।
नवजात शिशु मृत्यु दर के मामले में उप्र का आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से अधिक है। क्या वजह है और इसे कम करने के लिए क्या करना चाहिए।
प्रति हजार जन्म लेने वाले बच्चों में मृत्यु दर का राष्ट्रीय औसत करीब 18 है और उत्तर प्रदेश में यह 22 से 24 के बीच है। मृत्युदर पिछले 20 सालों में 40 प्रतिशत कम हुई है। 2030 तक राष्ट्रीय औसत मृत्युदर को 12 तक लाने का लक्ष्य है। लेकिन उप्र में चिंताजनक स्थिति है। बड़ा राज्य है। सभी जगह एनआइसीयू जैसी सुविधाएं विकसित नहीं हो सकी हैं। जिससे नवजात शिशुओं को तुरंत इलाज की सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। मृत्युदर कम करने के लिए संस्थागत प्रसव 100 प्रतिशत करने होंगे। हाई रिक्स गर्भवती के प्रसव एनआइसीयू वाले संस्थान में हों। इस पर ध्यान देने की जरूरत है। एंबुलेंस में न्यू बोर्न के अनुसार सुविधाएं प्रदान करनी होंगी।
टीकाकरण अभियान की स्थिति आपकी नजर में कैसी है। बदलते समय में बच्चों को कौन से टीके लगवाने जरूरी हैं।
टीकाकरण की स्थिति बेहतर है। इंद्रधनुष और आशा कार्यकर्ता से टीके लगाने की पहल ने टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाया है। जिससे कई बीमारियों से बचाव हुआ है। सरकारी अस्पताल में जो टीके लगते हैं, वह तो सभी लगवाने ही हैं। इसके अलावा वायरल संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके लिए बच्चों को फ्लू की वैक्सीन, आरएसवी से बचाने का का टीका भी लगवाना चाहिए।
मेरठ में वायु प्रदूषण गंभीर स्थिति में है। क्या इसका दुष्प्रभाव नवजात व गर्भस्थ शिशु पर पड़ता है।
देश के टाप प्रदूषित शहरों में मेरठ शामिल है। नवजात शिशु और गर्भस्थ शिशु पर भी प्रदूषण का असर पड़ता है। मां को यदि ऑक्सीजन की कमी है, संक्रमण है, अस्थमा है, सांस लेने में परेशानी है तो बच्चे का विकास प्रभावित हो सकता है। मां के पेट के पानी कम होने की आशंका रहती है। इसलिए प्रदूषण से बचना चाहिए। घरों में एयर फिल्टर लगाने चाहिए। प्रदूषित वातावरण में गर्भवती को मास्क लगाना चाहिए।
यदि मां का खानपान और दिनचर्या खराब है तो जन्म लेने वाले बच्चे पर क्या दुष्प्रभाव देखने को मिलते हैं।
गर्भावस्था में गर्भवती को दिन में एक से दो घंटे का आराम और रात में गहरी छह से सात घंटे की नींद जरूरी है। मां को 25 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोटीन व कैलोरी वाला पोषण आहार जरूरी है। यह स्थिति बच्चे के जन्म के बाद भी बनी रहनी चाहिए। क्याेंकि बच्चे को जब वह दूध पिला रही होती है तब उसे अतिरिक्त पौष्टिक आहार की जरूरत होती है। मां का खानपान, पोषण स्तर और दैनिक जीवनशैली सीधे तौर पर गर्भस्थ शिशु के शारीरिक, मानसिक और न्यूरोलाजिकल विकास को निर्धारित करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।