मेरठ-रुड़की हाईवे पर भरभराकर गिरा फ्लाईओवर का मलबा, एनएचएआइ की टीम मौके पर... यातायात बाधित
मेरठ-रुड़की हाईवे पर पल्हेड़ा फ्लाईओवर से रविवार को अचानक मलबा गिर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद एनएचएआइ की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को डायवर्ट कर जांच शुरू की, जिससे फ्लाईओवर की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।

मेरठ-रुड़की हाईवे पर एनएचएआइ की टीम ने चिह्निंत किया यातायात बाधित एरिया। जागरण
HighLights
पल्हेड़ा फ्लाईओवर से अचानक बड़ा मलबा सड़क पर गिरा।
मलबा गिरने से लोगों में अफरातफरी मची, कई बाल-बाल बचे।
एनएचएआइ टीम ने मौके पर पहुंच यातायात डायवर्ट किया
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। मेरठ-रुड़की हाईवे पर पल्हेड़ा फ्लाईओवर की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर रविवार को उस समय सवाल खड़े हो गए, जब फ्लाईओवर की छत के बड़े हिस्से से मलबा भरभराकर नीचे सड़क पर गिर गया। जिस समय मलबा गिरा, वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कई लोग इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे। जहां से मलबा गिरा, वहां के सरिये साफ दिखने लगे। फ्लाईओवर के ऊपर सड़क पर भी दरार पड़ गई। सूचना पर एनएचएआइ के कर्मचारी और हाईवे आपरेशन टीम मौके पर पहुंची, जिसने ऊपर सड़क पर एक लेन को बंद कर नीचे उस जगह की घेराबंदी कर दी।
बता दें कि मेरठ-रुड़की हाईवे पर मोदीपुरम के पास स्थित पल्हेड़ा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दिसंबर-2018 में शुरू हुआ था। मई-2021 में इसे चालू किया गया। मेरठ से हरिद्वार जाने वाली सड़क पर फ्लाईओवर के तीसरे खाने के नीचे छत से बड़ा मलबे का हिस्सा रविवार को अचानक टूटकर नीचे गिर गया। उस समय फ्लाईओवर के नीचे फल और चाट पकौड़े के ठेले और कुछ लोग खड़े थे, जिनमें अफरा-तफरी मच गई। कई चपेट में आने से बाल-बाल बचे।
हैरानी की बात रही कि फ्लाईओवर के नीचे मलबा गिरने के साथ ही उसके ठीक ऊपर सड़क के हिस्से में भी दरार हो गई। सूचना मिलने पर एनएचएआइ के कर्मचारी और हाईवे आपरेशन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जहां मलबा गिरा, वहां चारों ओर प्लास्टिक की पट्टी बांधकर उसे यातायात बाधित एरिया चिह्निंत किया गया। साथ ही वहां मौजूद सभी लोगों के खड़े होने पर रोक लगा दी। सड़क पर गिरे मलबे को उठाकर एक तरफ रखा गया।
वहीं, फ्लाईओवर के ऊपर सड़क पर जिस स्थान पर दरार दिखाई दी, वहां नीला ड्रम रखकर एक लेन का ट्रैफिक रोककर दूसरी लेन पर डायवर्ट कर दिया। फिलहाल हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहन फ्लाईओवर पर एक ही लेन से गुजर रहे हैं। हाईवे आपरेशन टीम के इंचार्ज सचिन सिरोही ने बताया कि एनएचएआइ की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फ्लाईओवर की छत का मलबा कैसे गिरा, साथ ही ऊपर सड़क पर दरार किन कारणों से हुई। पल्लवपुरम थाने से भी दो पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ फल विक्रेताओं ने अपने मोबाइल फोन से मलबा गिरने का वीडियो बना लिया था।