धनतेरस से धनतेरस तक सोने की चमक रही बरकरार, 1 साल में मिला 9% तक रिटर्न, चांदी का क्या रहा हाल?
पिछले एक साल में सोने में निवेश करने वालों को 8-9% तक का अच्छा रिटर्न मिला है, जबकि चांदी के दाम में गिरावट दर्ज की गई है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बीते वर्ष धनतेरस पर सोने का दाम 1.33 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, अब 1.44 लाख रुपये।
अमेरिका में हुए मिडटर्म इलेक्शन के परिणाम के बाद सोना-चांदी के दाम में तेजी आई।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सोना और चांदी में निवेश करने वालों को पिछले एक साल अच्छा रिटर्न मिला है। पिछले साल धनतेरस पर सोना 1.33 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब 1.44 लाख रुपये पहुंच गया है। इस तरह से एक साल में आठ से नौ प्रतिशत के बीच निवेशकों को मुनाफा मिला है।
सोना-चांदी कारोबारी ऋषभ माहेश्वरी बताते हैं कि सोने में निवेश हमेशा से लाभकारी रहा। कुल कारोबार में चांदी का हिस्सा कम होता है, जबकि सोने का मार्केट व्यापक और विश्वस्तरीय है। इसका उदाहरण जनवरी 2026 से लेकर अब तक के दाम में आई गिरावट है।
तब चांदी में निवेश करने वालों को 29 जनवरी में चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम दाम होने पर खुशी मिली, लेकिन यह एक-दो दिन ही टिक सकी और उसके बाद लगातार चांदी के दाम में गिरावट ही आई और गुरुवार को चांदी का दाम 1.95 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन के परिणाम के बाद सोना-चांदी के दाम में तेजी तनिष्क ज्वेलरी शोरूम के प्रबंध निदेशक अभिषेक जैन व एम जे गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक ऋषभ माहेश्वरी बताते हैं कि गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड यानी गोल्ड ईटीएफ में निवेश घटा है, क्योंकि अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में ज्यादातर म्यूचुअल फंड कंपनियों ने गोल्ड फंड आफ फंड्स (एफओएफ) में नया निवेश लेना बंद कर दिया।
देश में सोने का आयात बढ़ने और रुपये पर दबाव को लेकर चिंता के कारण ऐसा हुआ था। फिजिकली सोना-चांदी की खरीद में वृद्धि भी इसी का प्रभाव है। अमेरिका में हुए मिडटर्म इलेक्शन के परिणाम के बाद सोना-चांदी के दाम में तेजी आई है, जो अगले कुछ दिन बनी रहने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।