खुल रही हैं पेपर लीक कांड की परतें, अब दिल्ली पुलिस का सिपाही गिरफ्तार; बताया- कैसे अकेले 400 लोगों तक...
UP Paper Leak Case रवि अत्री पहले से प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर आउट कराने का काम करता था। तभी से विक्रम रवि अत्री के संपर्क में था। उसने बताया कि रवि अत्री ने ही उसे पेपर अभ्यर्थियों को पढ़वाने के लिए होटल या रिसार्ट बुकिंग कराने के लिए कहा था। बताया था कि ऐसा रिसार्ट देखना है जिसमें एक हजार अभ्यथियों को पेपर पढ़ाया जा सकें।
जागरण संवाददाता, मेरठ। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बागपत के खेखड़ा से दिल्ली पुलिस के सिपाही विक्रम पहल को गिरफ्तार कर लिया। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के खेकड़ा फ्लाइओवर के नीचे खड़ा होकर अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा था। उसके कब्जे से पुलिस भर्ती प्रश्न पत्र की उत्तर कुंजी भी बरामद हुई है।
पुलिस लाइंस स्थित प्रेस कांफ्रेंस में एसटीएफ एएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि हरियाणा जींद के बराह खुर्द निवासी विक्रम पहल वर्ष 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। दिल्ली पुलिस में अब तक उसकी तैनाती तृतीय बटालियन, प्रथम बटालियन, यातायात, सीएम बटालियन और नई दिल्ली में रह चुकी है।
वर्ष 2021 में सोनीपत के रहने वाले सहपाठी नितिन से मुलाकात हुई थी, जो पहले से साल्वर और पेपर आउट कराने का काम करता था। नितिन ने ही विक्रम की मुलाकात रवि अत्री से कराई थी।
रवि अत्री पहले से प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर आउट कराने का काम करता था। तभी से विक्रम, रवि अत्री के संपर्क में था। उसने बताया कि रवि अत्री ने ही उसे पेपर अभ्यर्थियों को पढ़वाने के लिए होटल या रिसार्ट बुकिंग कराने के लिए कहा था।
बताया था कि ऐसा रिसार्ट देखना है, जिसमें एक हजार अभ्यथियों को पेपर पढ़ाया जा सकें। विक्रम ने अपने साथी गुनिया उर्फ इंद्रजीत और दाउद उर्फ विक्की निवासीगण किलोई झज्जर रिसार्ट ढूंढने के लिए कहा था। उन्होंने ही विक्रम को मानेसर गुरुग्राम में नेचर वैली रिसार्ट ढूंढकर दिया। तब विक्रम ने रिसार्ट मालिक सतीश धनखड़ से मिलकर 20 लाख में रिसार्ट बुक कराया था।
नेचर वैली रिसार्ट में विक्रम पहल अकेले ही चार सौ अभ्यर्थियों को साथ लेकर गया था। रात में उन्हें रिसार्ट में रोका गया था। 15 फरवरी की रात को मुख्य अभियुक्त रवि अत्री व राजीव नयन मिश्रा का फोन विक्रम पर आया। उनके कहने पर वह रोहतक रोड, दिल्ली बार्डर पर जाकर उनके साथी राजन निवासी बिहार से विक्रम ने यूपी पुलिस का प्रश्न पत्र लिया था। उसके बाद रिसार्ट में आठ सौ अभ्यर्थियों प्रश्नों के उत्तर रटाए गए थे।
बिहार में डिजिटल लैब चलाता है राजन
बिहार के राजन के संबंध में जानकारी हुई कि वह दरभंगा बिहार में कृष्णा डिजीटल लैब संचालित करता था। तथा रोहणी दिल्ली के एक अपार्टमेंट में फ्लैट लेकर रह रहा है। वहीं से पेपर लीक कांड में शामिल हुआ था। उससे पहले भी रवि अत्री के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक करा चुका है।
यह भी पढ़ें: ये वही डॉक्टर है… जिसने लाखों युवाओं की जिंदगी से खेला, एसटीएफ ने किया गिरफ्तार तो निकली कई बातें..
यह भी पढ़ें: रवि अत्री और राजीव नयन सहित नौ को माफिया घोषित करने की तैयारी, STF ने मांगा संपत्ति का ब्यौरा