विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आईपीएल नीलामी में बीसीसीआई ने बदले पात्रता नियम, युवा खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट का अनुभव जरूरी

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:55 AM (IST)Updated: Fri, 20 Nov 2026 11:05 AM (IST)

बीसीसीआई ने आईपीएल नीलामी के लिए पात्रता नियमों में बदलाव किया है, जिसके तहत अब अंडर-16 और अंडर-19 खिलाड़ियों को कम से कम एक प्रथम श्रेणी मैच का अनुभव होना अनिवार्य है।  

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. आईपीएल नीलामी में अब प्रथम श्रेणी अनुभव अनिवार्य।

  2. अंडर-16, अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए नए पात्रता नियम।

  3. घरेलू रेड बॉल क्रिकेट को मजबूत करना मुख्य उद्देश्य।

जागरण संवाददाता, मेरठ। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन की नीलामी में जगह बनाने के लिए क्रिकेटरों को घरेलू क्रिकेट में अपना दम दिखाना होगा। इस बार युवा खिलाड़ियों के लिए पात्रता नियमों में बदलाव किया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अंडर-16 और अंडर-19 क्रिकेटरों के लिए आईपीएल में खेलने की पात्रता हासिल करने से पहले कम से कम एक प्रथम श्रेणी मैच खेलना अनिवार्य किया है। इसके पीछे उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को सीधे फ्रेंचाइजी क्रिकेट में पहुंचने के बजाय पहले घरेलू क्रिकेट का अनुभव दिलाना है।

नए प्रावधान के तहत युवा खिलाड़ियों को रणजी ट्राफी जैसी प्रथम श्रेणी प्रतियोगिताओं में खेलने का अनुभव हासिल करना होगा। इसके अलावा राज्य स्तर पर सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भागीदारी को भी महत्व दिया जा रहा है। सैयद मुश्ताक अली ट्राफी, विजय हजारे ट्राफी और अंडर-23 जैसी प्रतियोगिताओं में खेलने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।

रेड बाल क्रिकेट मजबूत करना मकसद

बीसीसीआई के इस फैसले का उद्देश्य घरेलू रेड बाल क्रिकेट को मजबूत करना और युवा खिलाड़ियों को पारंपरिक क्रिकेट प्रारूपों से जोड़ना है। बोर्ड चाहता है कि खिलाड़ी आईपीएल जैसे बड़े और दबाव वाले टी-20 मंच पर पहुंचने से पहले तकनीकी रूप से मजबूत हों। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लंबे समय तक बल्लेबाजी, धैर्य, अनुशासन और मानसिक मजबूती की परीक्षा होती है। इससे खिलाड़ियों को बड़े मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिल सकती है।

भुवी और समीर अपनी टीमों संग खेलेंगे तीसरा सीजन

आईपीएल टीमों की ओर से मंगलवार को छोड़े गए और रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। मेरठ के भुवनेश्वर कुमार रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू और समीर रिजवी दिल्ली कैपिटल्स के साथ तीसरा सीजन खेलेंगे।

बेंगलुरू टीम ने भुवी को नवंबर 2024 में आयोजित ऑक्शन में 10.75 करोड़ रुपये में वापस अपने साथ जोड़ा था। भुवी ने 2025 आईपीएल में 17 विकेट और 2026 में 28 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई थी। वहीं समीर रिजवी के चेन्नई कैपिटल से निकलने के बाद दिल्ली ने 95 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था।

दावेदार हैं मेरठ के और भी क्रिकेटर

मेरठ में भुवी के शुरुआती कोच रहे संजय रस्तोगी और समीर रिजवी के कोच तनकीब अख्तर के अनुसार इस सीजन के लिए ऑक्शन सूची में मेरठ के तेज गेंदबाज विनीत पंवार, विजय कुमार व बल्लेबाज प्रियम गर्ग जैसे बल्लेबाज संभावित हो सकते हैं।

अन्य खिलाड़ियों को वर्तमान सीजन में चल रहे सैय्यद मुस्ताक अली, विजय हजारे, रणजी ट्राफी आदि में बेहतर प्रदर्शन कर खुद को साबित करना होगा। इसी प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों के नाम आईपीएल फ्रेंचाइजी को भेजे जाएंगे। फ्रेंचाइजी जिन खिलाड़ियों को चुनेंगी उनके नाम ऑक्शन सूची में शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- IPL से 'माही' के विदा होते ही छलका क्रिकेटरों का दर्द, बोले- 'सपना है उन्हीं की तरह देश का नाम रोशन करूं'

यह भी पढ़ें- IPL 2027: दो बार के पर्पल कैप विजेता बने गुजरात टाइटंस का हिस्‍सा, भारतीय क्रिकेटर ने झेला करोड़ों का नुकसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।