यूपी में साइकिल वितरण पर यूपी में सियासी घमासान, अतुल प्रधान ने संगीत सोम को दी जांच की चुनौती
मेरठ के नंगला राठी गांव में विधायक अतुल प्रधान ने साइकिल वितरण को लेकर पूर्व विधायक संगीत सोम पर निशाना साधा।

सरधना विधायक अतुल प्रधान और पूर्व विधायक संगीत सोम। (फाइल फोटो)
HighLights
अतुल प्रधान ने साइकिल वितरण पर संगीत सोम को घेरा।
सपा सरकार बनने पर शिक्षा, रोजगार के वादे किए।
महापुरुषों को जाति से ऊपर बताया, पूर्वजों पर टिप्पणी का विरोध।
जागरण संवाददाता, मेरठ। नंगला राठी गांव में रविवार को आयोजित स्वाभिमान सभा में सरधना विधायक ने पूर्व विधायक पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के सहयोग से वह हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राओं को साइकिल वितरित कर रहे हैं।
यह बात पूर्व विधायक को हजम नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार है। यदि उन्हें किसी तरह की गड़बड़ी का संदेह है तो जांच करा लें। अपनी छवि साफ होने के कारण वह किसी भी जांच से पीछे नहीं हटेंगे। सपा की सरकार बनने पर पूर्व विधायक के कार्यकाल की जांच कराई जाएगी।
सरधना विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर तीसरे गांव के बाद इंटर कालेज और 15 गांव के बाद डिग्री कालेज स्थापित कराया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र में पांच फैक्ट्रियां लगवाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके।
सरकार बनने पर कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं को हर साल साइकिल वितरित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को सबसे अधिक रोजगार की जरूरत है और इसके लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि वह नंगला राठी गांव में आकर युवाओं से उनके दादा और परदादा का नाम पूछकर पूर्वजों पर टिप्पणी कर रहे थे, जबकि उन्होंने कभी अपने गांव के युवाओं से इस तरह के सवाल नहीं किए।
महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे समाज के होते हैं। महाराजा मिहिर भोज ने जनता के लिए युद्ध किए थे, जिनमें सभी जातियों के लोग शामिल थे। इसी तरह धन सिंह कोतवाल ने भी अंग्रेजों के खिलाफ पूरे देश की आजादी के लिए बिगुल फूंका था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।