डोपिंग का दंश: मेरठ के खिलाड़ियों पर प्रतिबंध, ताकत और पदक की चाह में खिलाड़ी कर रहे सेहत से खिलवाड़
मेरठ की शॉटपुट खिलाड़ी किरण बालियान और एथलीट विधि पर डोपिंग के कारण प्रतिबंध लगा है, जिससे खेल जगत में हड़कंप मच गया है। नाडा की रिपोर्ट में 544 प्रतिबंधित खिलाड़ियों की सूची जारी हुई है, जो भारतीय खेलों में डोपिंग के बढ़ते खतरे को उजागर करती है।

कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के शौचालयों में हर दिन फेकी जाती है प्रतिबंधित दवाओं के सेवन की इंजेक्शन। जागरण
HighLights
किरण बालियान पर डोपिंग के कारण आठ साल का प्रतिबंध।
नाडा ने 544 प्रतिबंधित खिलाड़ियों की सूची जारी की।
प्रशिक्षकों को भी आजीवन प्रतिबंध की शुरुआत नाडा द्वारा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने वाली मेरठ की शाटपुट खिलाड़ी किरण बालियान पर आठ और उभरती राष्ट्रीय एथलीट विधि पर तीन वर्ष का प्रतिबंध खेल नगरी को झकझोरने वाला प्रतिबंध है। पदक की आस में सुबह-शाम खुद को तपाने वाले एथलीटों के लिए यह ऐसा सबक है जिसे दूसरों की गलती से सीखा जा सकता है।
प्रतिबंधित दवाओं के सेवन की सलाह देने वाले प्रशिक्षक अक्सर खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगते ही अपना पल्ला झाड़ लते हैं। पर अब नाडा ने प्रशिक्षकों को भी आजीवन प्रतिबंधित करने की शुरुआत कर दी है। इसलिए कोच अपनी गरिमा बनाएं और खिलाड़ी ऐसे लोगों के झांसे में न आएं जिससे उनकी वर्षों की मेहनत एक झटके में खत्म हो जाए।
नाडा की ओर से जारी 544 प्रतिबंधित खिलाड़ियों की सूची में दो से आठ वर्ष तक के प्रतिबंध लगाए गए हैं। प्रतिबंधित पदार्थों में एनाबालिक स्टेरायड, हार्मोन संबंधी पदार्थ, उत्तेजक दवाएं, मसल बिल्डिंग एजेंट, रक्त में आक्सीजन ले जाने की क्षमता प्रभावित करने वाले पदार्थ और डोपिंग जांच को प्रभावित करने वाले तरीकों के मामले शामिल हैं।
नाडा की सूची दे रही साफ संकेत
इस रिपोर्ट में अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों के मामले सामने आते हैं।यह केवल एक खेल या एक राज्य की समस्या नहीं है। प्रतिबंधित पदार्थों की विविधता बताती है कि डोपिंग का खतरा अलग-अलग खेलों की शारीरिक जरूरतों के अनुसार अलग रूप ले सकता है। ताकत आधारित खेलों में एनाबालिक स्टेरायड और एसएआरएम, लंबी दूरी और सहनशक्ति वाले खेलों में ईपीओ, उत्तेजक पदार्थों का इस्तेमाल थकान और सक्रियता को प्रभावित करने कुछ मूत्रवर्धक पदार्थ वजन घटाने या अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की पहचान प्रभावित करने के लिए दुरुपयोग किए जाते हैं।
खिलाड़ियों में सबसे अधिक इस्तेमाल किए गए पांच पदार्थ: क्रम प्रतिबंधित पदार्थ अनुमानित उल्लेख
- 1 स्टैनोजोलोल 56
- 2 मेफेंटर्मिन 39
- 3 ड्रास्टानोलोन 37
- 4 नोरएंड्रोस्टेरोन 29
- 5 मेटेंडिएनोन 27
इन्हें मिली सबसे बड़ी सजा: सजा खिलाड़ी/व्यक्ति खेल विवरण
- आजीवन राकेश कुमार (कोच) एथलेटिक्स अनुच्छेद 2.8
- 8 साल किरण बालियान एथलेटिक्स मेटेंडिएनोन, अनुच्छेद 2.1, 2.2 और 2.5
- 8 साल दीपिका श्रीपाल भारोत्तोलन पुरानी प्रतिबंध सूची
- 8 साल गुरमीत सिंह एथलेटिक्स पुरानी प्रतिबंध सूची
- 8 साल अमृतपाल सिंह वालीबाल पुरानी प्रतिबंध सूची
किन खेलों में कौन सी प्रतिबंधित दवाएं: खेल रिपोर्ट में दर्ज प्रतिबंधित पदार्थ
- एथलेटिक्स स्टैनोजोलोल, मेफेंटर्मिन, मेटेंडिएनोन
- भारोत्तोलन ड्रास्टानोलोन, नोरएंड्रोस्टेरोन, एलजीडी-4033
- कुश्ती स्टैनोजोलोल, ड्रास्टानोलोन
- बाडीबिल्डिंग स्टैनोजोलोल, आक्सेंड्रोलोन, क्लेनब्यूटेरोल
- मुक्केबाजी स्टैनोजोलोल
- कबड्डी स्टैनोजोलोल, मेल्डोनियम
- पावरलिफ्टिंग स्टैनोजोलोल और अन्य एनाबॉलिक पदार्थ
- वुशू एनाबोसार्म, मेफेंटर्मिन
भारत में डोपिंग पॉजिटिव
- 213 वर्ष 2023
- 260 वर्ष 2024
- 131 वर्ष 2025
- 78 वर्ष 2026 (15 जुलाई तक)
स्रोत :युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का लोकसभा में 20 जुलाई 2026 का जवाब।
उत्तर प्रदेश में डोपिंग की स्थिति: वर्ष मामले
2023 18
2024 25
2025 12
2026 (15 जुलाई तक) 13
प्रतिबंधित खिलाड़ियों की सूची में खुला प्रतिबंधित दवाओं का बड़ा नेटवर्क
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अनु कुमार के अनुसार किरण बालियान और विधि जैसे सभी मामले भारतीय खेल व्यवस्था के लिए चेतावनी हैं। पदक, रिकॉर्ड और चयन की दौड़ में यदि खिलाड़ियों की सेहत को नजरअंदाज किया जाएगा तो इसका नुकसान केवल उनके खेल करियर तक सीमित नहीं रहेगा। खेल में असली ताकत प्रतिबंधित दवाओं से नहीं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, सही पोषण, अनुशासन और स्वस्थ शरीर से आती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।