संविधान में बदलाव की बात कर घिरे अरुण गोविल, अखिलेश ने कहा- 'BJP ऐसे लोगों को टिकट दे देती है जो संविधान की आत्मा को नहीं समझते'
Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav Said On Arun Govil मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के भाजपा के उम्मीदवार अरुण गोविल ने दो दिन पहले एक कार्यक्रम में संविधान में संशाेधन की बात कही थी। जिसके बाद वे विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। यूपी के पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर उन पर हमला किया है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल संविधान में बदलाव पर टिप्पणी कर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निशाने पर आ गए हैं। प्रसारित हो रहे वीडियो में अरुण गोविल कह रहे हैं कि संविधान में समय के साथ बदलाव करना प्रगति की निशानी है। पहले की पस्थितियां और थीं, अब भारत नई परिस्थितियों में चल रहा है। ऐसे में आवश्यक संशोधन होते रहेंगे।
गोविल के इस वीडियो पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर कहा है कि भाजपा ऐसे लोगों को टिकट दे देती है जो संविधान की आत्मा को नहीं समझते। वो यह नहीं जानते कि कौन सा संशोधन विकास के लिए किया गया और किससे मौलिक अधिकार छीनने का प्रयास हो रहा।
अरुण बोले, गलत तरीके से प्रचारित कर रहे वीडियो
जब इस वीडियो के बारे में अरुण गोविल से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्होंने कहा है कि आवश्यकता के अनुसार संविधान में बदलाव होते रहने चाहिए। कुछ लोग उनकी बात को गलत तरीके से प्रचारित कर रहे हैं। वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है।