विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में दीपावली-छठ पर 12 दिन दौड़ेंगी शत-प्रतिशत बसें, रोडवेज कर्मियों को मिलेगा 4800 रुपये बोनस

Published: Mon, 02 Nov 2026 03:01 PM (IST)

मऊ में दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम 6 से 17 नवंबर तक विशेष बस सेवा चलाएगा। इस दौरान शत-प्रतिशत बसें सड़कों पर होंगी।

दीपावली-छठ पर 12 दिन दौड़ेंगी शत-प्रतिशत बसें।

दीपावली-छठ पर 12 दिन दौड़ेंगी शत-प्रतिशत बसें।

HighLights

  1. दीपावली-छठ पर 6 से 17 नवंबर तक विशेष बस सेवा।

  2. महानगरों से मऊ, आजमगढ़, बलिया के लिए अतिरिक्त बसें।

  3. रोडवेज कर्मियों को 4800 रुपये तक का प्रोत्साहन बोनस।

जागरण संवाददाता, मऊ। दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने छह से 17 नवंबर तक विशेष परिवहन व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। इस दौरान निगम की शत-प्रतिशत बसें सड़क पर रखने का लक्ष्य है।

दिल्ली, गाजियाबाद, लखनऊ और कानपुर से आजमगढ़, मऊ व बलिया के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। त्योहार के दौरान चालक-परिचालकों समेत अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी।

निगम के दिशा-निर्देशों के अनुसार दीपावली आठ नवंबर और छठ पर्व 15 नवंबर को मनाया जाएगा। त्योहार से पहले महानगरों से पूर्वांचल आने वाले यात्रियों के लिए अधिक बसें रवाना होंगी। दीपावली के बाद लौटने वालों और छठ पर घर आने वाले यात्रियों के लिए भी पर्याप्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।

भैया दूज के आसपास स्थानीय और निकटवर्ती जिलों में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। विशेष अभियान में चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों को साप्ताहिक विश्राम या अवकाश नहीं मिलेगा। ड्यूटी रोस्टर तैयार कर नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा।

संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी योजना में शामिल किया गया है। बसों की तकनीकी खराबी रोकने के लिए पहले से मरम्मत होगी और डिपो में स्पेयर पार्ट्स, टायर, स्टेपनी व मरम्मत उपकरण रखे जाएंगे।

सभी बसों में ईटीएम उपलब्ध कराने के साथ डीजल, टिकट और नकदी जमा करने की व्यवस्था 24 घंटे चलेगी। जाम या दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए क्रेन और प्रवर्तन दल सक्रिय रहेंगे। चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट भी होगा। यात्रियों की शिकायत और सहायता के लिए मुख्यालय का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। टोल फ्री नंबर 1800-180-2877 और व्हाट्सएप नंबर 9415049606 जारी किए गए हैं।

रोडवेज कर्मियों को मिलेगा 4800 रुपये प्रोत्साहन

दीपावली व छठ पर्व पर नियमित, संविदा व आउटसोर्स चालकों-परिचालकों को 11 दिन ड्यूटी करने पर 4400 रुपये एवं लगातार 12 दिन ड्यूटी करने पर 4800 रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस संचालन अनिवार्य होगा।

संविदा व बाह्य स्रोत कर्मियों को निर्धारित किलोमीटर से अधिक संचालन पर 55 पैसे प्रति अतिरिक्त किलोमीटर मिलेंगे। वहीं इलेक्ट्रिक बस पर 11 दिन में 3300 किलोमीटर संचालन करने वाले चालकों को अतिरिक्त एक हजार रुपये दिए जाएंगे।

कार्यशाला, कैश, ईटीआईएम, चेकिंग व डीजल-सीएनजी पटल पर तैनात कर्मचारियों को 12 दिन ड्यूटी पर 2500 रुपये तथा कार्यशाला कर्मियों को 11 दिन पर 2100 रुपये प्रोत्साहन मिलेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक को 10 हजार व सेवा प्रबंधक को पांच हजार रुपये की राशि दी जाएगी।

शासन के निर्देश पर बसों की मरम्मत व फिटनेस कराकर तैयारी पूरी कर ली गई है। लंबे रूट पर बसों के संचालन के लिए चालक एवं परिचालक सहित कर्मचारियाें की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। प्रोत्साहन राशि के लिए डिपो में पोस्टर लगा दिया गया है। -गौतम कुमार, एआरएम।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश का पहला विकसित गांव बनेगा मीरजापुर का बघेड़ा खुर्द, ग्रामीण खुद तय करेंगे अपने क्षेत्र के विकास की रूपरेखा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।