मऊ में विवाद के बाद 3 दुकानों में आग लगाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मऊ के अदरी भट्ठा में सोमवार भोर में लगी आग से तीन दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
अदरी भट्ठा में सोमवार भोर में तीन दुकानें जलकर राख हुईं।
दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हुआ।
दुकानदारों ने रंजिश के चलते आग लगाने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अदरी भट्ठा में सोमवार की भोर में लगी आग से तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। अगलगी की इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये की क्षति हुई है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम न्यामूपुर निवासी राहुल शाही अपने साथियों के साथ अदरी भट्ठा पहुंचा था। वहां खालिसपुर निवासी लक्ष्मण की फास्ट फूड की दुकान पर नाश्ता करने के बाद रुपये के लेनदेन को लेकर राहुल और लक्ष्मण के बीच विवाद हो गया। इसके कुछ देर बाद खालिसपुर गांव में अंबेडकर प्रतिमा के पास राहुल शाही और लक्ष्मण के भाई रागा के बीच मारपीट हो गई। इसमें राहुल शाही गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार जिले के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
इसी घटनाक्रम के बाद सोमवार की भोर में अदरी भट्ठा स्थित दुकानों में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से उमेश की मूंगफली की दुकान, लक्ष्मण की फास्ट फूड की दुकान और आलम की कोल्डड्रिंक व जनसेवा केंद्र की दुकान जलकर राख हो गई। दुकानदारों ने राहुल शाही पर रंजिश में दुकानों में आग लगाने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में सरायलखंसी पुलिस का कहना है कि मारपीट के मामले में राहुल शाही की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन कर रही है। आग लगने के कारणों और दुकानों में हुए नुकसान की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आगजनी के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।