विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP: पहले पति का साया छिना, फिर 4 बच्चों संग गृहस्थी संभाल रही नीतू का पटाखों की आग ने तोड़ा हौसला

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:35 PM (IST)

मीरजापुर के बनवारीपुर में पटाखों की चिंगारी से लगी आग ने विधवा नीतू देवी का घर और गृहस्थी उजाड़ दी, ...और पढ़ें

AI Photo- पति की मौत के 8 महीने बाद इस हादसे ने परिवार की बची-खुची उम्मीदें भी तोड़ दी हैं, जिससे नीतू देवी गहरे सदमे में हैं।

AI Photo- पति की मौत के 8 महीने बाद इस हादसे ने परिवार की बची-खुची उम्मीदें भी तोड़ दी हैं, जिससे नीतू देवी गहरे सदमे में हैं।

HighLights

  1. पटाखों की चिंगारी से विधवा नीतू देवी का घर जला।

  2. चार मासूम बच्चों के सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट।

  3. पति की मौत के बाद परिवार पर दूसरी बड़ी विपदा।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विंध्याचल क्षेत्र के बनवारीपुर स्थित नए पुरवा में पटाखों की चिंगारी से लगी आग ने एक गरीब विधवा महिला की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। दिनदहाड़े हुए अग्निकांड में नीतू देवी का कच्चा-पक्का मकान और घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना ने चार मासूम बच्चों को एक बार फिर जिंदगी के ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहां उनके सामने दो वक्त की रोटी और सिर छिपाने तक का संकट पैदा हो गया है। पति की मौत के महज आठ महीने बाद इस हादसे ने परिवार की बची-खुची उम्मीदों को भी झकझोर दिया है।

जानकारी के अनुसार, नीतू देवी (38) पत्नी स्वर्गीय बबलू निषाद सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं। सबसे बड़ा बेटा महज नौ वर्ष का है, जबकि अन्य बच्चे उससे भी छोटे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद कमजोर थी। करीब आठ महीने पहले उनके पति बबलू निषाद की कैंसर से मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद चारों बच्चों की परवरिश और परिवार की पूरी जिम्मेदारी नीतू देवी के कंधों पर आ गई थी। वह दिनभर सब्जी बेचकर जो कुछ कमा पाती थीं, उसी से बच्चों का पेट पालती थीं।

बताया जाता है कि घटना के समय नीतू देवी रोज की तरह सब्जी का ठेला लेकर बाजार में बिक्री करने गई थीं। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके घर में आग लग गई है। यह खबर सुनते ही वह बदहवास हालत में ठेला छोड़कर घर की ओर दौड़ पड़ीं। लेकिन घर पहुंचने पर आग की विकराल लपटों ने उनके सामने सब कुछ तबाह कर दिया था। घर में रखा अनाज, बर्तन, बिस्तर, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी को अपनी आंखों के सामने राख होते देख नीतू देवी सदमे में बेहोश हो गईं।

आग बुझने के बाद घर में परिवार के इस्तेमाल लायक कुछ भी नहीं बचा। बच्चों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा बदलने के लिए दूसरे कपड़े तक नहीं हैं। सर्दी का मौसम दस्तक दे रहा है। ऐसे में चारों मासूम बच्चों को ठंड से बचाने के साथ ही उनके भोजन और रहने की व्यवस्था करना नीतू देवी के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। एक तरफ पति को खोने का गम और दूसरी तरफ आग में पूरी गृहस्थी उजड़ जाने की पीड़ा ने नीतू देवी को पूरी तरह तोड़ दिया है। जिस मां ने पति की मौत के बाद अकेले संघर्ष कर अपने चारों बच्चों को पालने की जिम्मेदारी उठाई थी, आज वही मां बच्चों के भविष्य को लेकर बेबस है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।