मऊ में फ्री में ठहरने के लिए 50 बेड का रैनबसेरा तैयार, भोजन का खुद करना पड़ेगा इंतजाम
मऊ में ठंड से बचाव के लिए ब्रह्मस्थान पर 50 बेड का स्थायी रैनबसेरा संचालित है, जहाँ गरीबों और जरूरतमंदों को निःशुल्क ठहरने, सोने और शौचालय की सुविधा मिलती है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मऊ में 50 बेड का स्थायी रैनबसेरा संचालित।
जरूरतमंदों को निःशुल्क ठहरने, सोने, शौचालय की सुविधा।
ठंड बढ़ने पर अस्थायी रैनबसेरे, अलाव की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, मऊ। ठंड का मौसम शुरू होते ही खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले गरीबों, मजदूरों, राहगीरों व जरूरतमंदों की मुश्किलें बढ़ने लगती हैं। ऐसे लोगों को राहत देने के लिए नगर के ब्रह्मस्थान पर नगर पालिका की ओर से 50 बेड का स्थायी रैनबसेरा संचालित किया जा रहा है। यहां जरूरतमंदों को बिना किसी शुल्क के ठहरने, सोने व शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि भोजन की व्यवस्था खुद करनी पड़ती है।
मजदूर, कामगार, रिक्शा चालक, बेघर व राहगीर यहां रात गुजार सकते हैं। इस रैनबसेरे का निर्माण वर्ष 2015-16 में एक करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से कराया गया था। उच्च न्यायालय के निर्देश पर जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने इसका निर्माण कराया था। परिसर में पीने के लिए स्वच्छ और गर्म पानी की व्यवस्था है।
सुरक्षा व निगरानी के लिहाज से यहां रुकने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आईडी ली जाती है। उसके आने और जाने का समय रजिस्टर में दर्ज किया जाता है। इसके लिए एक मैनेजर एवं एक सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति की गई है जो पूरी व्यवस्था की निगरानी करता है।
लोगों को पहुंचने में हो रही परेशानी
नगर पालिका एवं जिला प्रशासन के अधिकारी समय-समय पर रैनबसेरे का निरीक्षण भी करते हैं। हालांकि इसकी लोकेशन ब्रह्मस्थान पर होने के कारण रोडवेज व रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को यहां पहुंचने में परेशानी होती है। जिला अस्पताल व महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के लिए यह काफी दूर पड़ता है।
इसी समस्या को देखते हुए दिसंबर एवं जनवरी में ठंड बढ़ने पर रोडवेज परिसर व जिला अस्पताल में अस्थायी रैनबसेरे बनाए जाते हैं। इसके अलावा महिला अस्पताल, गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ मोड़, फातिमा चौराहा व बलिया मोड़ समेत प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था नगर पालिका करती है।
फिलहाल ठंड का प्रकोप अधिक नहीं होने से अभी अलाव की व्यवस्था शुरू नहीं हुई है। तापमान में गिरावट के साथ ही जरूरतमंदों को राहत देने के लिए ये इंतजाम किए जाएंगे।
नगर के ब्रह्मस्थान के पास नगर पालिका द्वारा स्थाई रैन बसेरा संचालित है। यहां ठहरने वाले लोगों के लिए कंबल, तकिया व अन्य सुविधाएं प्रयाप्त हैं। हालांकि अभी ठंड ज्यादा नहीं पड़ रही है। ठंड बढ़ने पर रोडवेज व रेलवे के मध्य एवं जिला अस्पताल के रैन बसेरा को चालू कर दिया जाएगा। अभी अलाव की जरूरत नहीं है जरूरत पड़ने पर की जाएगी। -डॉ. मणि भूषण तिवारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका।
यह भी पढ़ें- सोनभद्र में NH-39 का 91 किमी हिस्सा होगा फोरलेन, डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया तेज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।