'O' की जगह 'B' ग्रुप का खून चढ़ाने से बच्चे को हुआ ब्लड कैंसर, यूपी के मऊ में दो डॉक्टरों पर FIR
मऊ में गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने से एक बालक को कैंसर होने के मामले में न्यायालय के आदेश पर दो चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाने से बालक को हुआ कैंसर।
न्यायालय के आदेश पर दो चिकित्सकों पर केस दर्ज।
मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा की जा रही है।
जागरण संवाददाता, मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव निवासी बालक को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने पर कैंसर हो गया।
इस मामले में दो चिकित्सकों के खिलाफ शहर कोतवाली में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर नीतेश प्रताप सिंह द्वारा की जा रही है।
थाना सरायलखंसी अंतर्गत डुमरांव निवासिनी शकुंतला देवी का आरोप है कि उसके पोते अभिनव की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए बुनाई विद्यालय स्थित विवान चाइल्ड केयर यूनिट के बाल रोग विशेषज्ञ डा. विवेक कुमार सिंह के यहां ले जाया गया था।
यहां उपचार के दौरान खून की आवश्यकता होने पर सहादतपुरा स्थित शारदा नारायण हॉस्पिटल के ब्लड बैंक से खून मंगवाया गया था। आरोप है कि ब्लड बैंक द्वारा 'O' ग्रुप की जगह पर 'B' ग्रुप का बल्ड दे दिया गया। उसे डॉक्टर ने गलत तरीके से लापरवाही के साथ चढ़ा दिया गया।
इसके बाद उनके पोते की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। बाल रोग विशेषज्ञ के यहां उनके पोते को चार-पांच दिन तक भर्ती रखने के बाद 16 नवम्बर 2024 को कुछ दवा देकर डिस्चार्ज कर दिया गया था, लेकिन दवा का कुछ असर उनके पोते पर नहीं हुआ।
दोबारा तबीयत खराब होने पर पुन: बाल रोग विशेषज्ञ के यहां ले गई, लेकिन चिकित्सक ने 3 फरवरी 2025 को डिस्चार्ज करते हुए कहीं और दिखाने के लिए सलाह दिया। वह अपने बीमार पोते को लेकर 20 फरवरी 2025 को संजय गांधी आर्युविज्ञान संस्थान लखनऊ भर्ती कराई।
गलत ब्लड ग्रुप का ब्लड चढ़ाने पर हुआ कैंसर
यहां चिकित्सकों ने बताया कि गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ने के कारण उनके पोते को कैंसर हो गया है। ब्लड रिपोर्ट आने के बाद पोते की लगातार कीमोथैरिपी चल रही है। एफआईआर में आरोप लगाया कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण गलत खून चढ़ाने से उनके पोते को ब्लड कैंसर हो गया है।
शिकायत के बावजूद केस दर्ज नहीं हुआ तो न्यायालय का सहारा लिया गया। न्यायालय के आदेश पर बाल रोग विशेषज्ञ विवेक कुमार सिंह व डॉक्टर संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया। कोतवाल प्रमेंद्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच सीओ कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।