पेट दर्द के साथ ही वजन घटना और पीलिया को नजरअंदाज न करें युवा, पैंक्रियाटिक कैंसर के संकेत
RML Institute of Medical Sciences: पुरुषों में तंबाकू और शराब का सेवन अपेक्षाकृत अधिक होने से जोखिम भी बढ़ता है। ...और पढ़ें

मरीजों से संवाद करते डॉक्टर राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के आंको सर्जरी विभाग के प्रोफेसर (डॉ) आशीष सिंघल ।
HighLights
लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में आंको सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. आशीष सिंघल ने किया आगाह
युवाओं में भी दस्तक दे रहा पैंक्रियाटिक कैंसर, प्रत्येक दस में एक मरीज कम उम्र का
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कैंसर अब केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं रह गया है। युवाओं में भी अलग-अलग तरह के कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में पैंक्रियाटिक (अग्नाशय) कैंसर भी कम उम्र के लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है।
देश में पैंक्रियाटिक कैंसर के कुल मरीजों में करीब दस प्रतिशत कम उम्र हैं। भारत में इस कैंसर के कुल मामले की दर अपेक्षाकृत कम है। यह कैंसर सामान्यत: 50 से 60 वर्ष की उम्र में अधिक पाया जाता है। पुरुषों में महिलाओं की तुलना में करीब दोगुने मामले सामने आते हैं।
इसका प्रमुख कारण धूमपान, शराब का सेवन और खराब जीवनशैली हैं। पुरुषों में तंबाकू और शराब का सेवन अपेक्षाकृत अधिक होने से जोखिम भी बढ़ता है। इसके अलावा प्रदूषण, तनाव और अनियमित दिनचर्या भी स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं।
पैंक्रियाटिक कैंसर को खतरनाक बनाने वाली सबसे बड़ी वजह इसकी शुरुआती पहचान में होने वाली देरी है। अग्नाशय पेट के अंदर गहराई में स्थित होता है। यही वजह है कि प्रारंभिक दौर में ट्यूमर के लक्षण स्पष्ट नहीं होते। कई बार मरीज सामान्य पेट दर्द, गैस या पाचन संबंधी परेशानी समझकर समस्या को नजरअंदाज करते रहते हैं।
जब तक रोग का पता चलता है, तब तक कैंसर आसपास के अंगों या रक्त वाहिकाओं तक फैल चुका होता है। ये महत्वपूर्ण जानकारी गुरुवार को हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में आंको सर्जरी विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. आशीष सिंघल ने दी।
सवाल : युवाओं में पैंक्रियाटिक कैंसर के मामले कितने बढ़ रहे हैं? क्या अब कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं? क्या वजह है- राजेश द्विवेदी, सुलतानपुर, 44 वर्ष
डॉक्टर- एक दशक में 50 वर्ष से कम उम्र के युवाओं में पैंक्रियाटिक कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि, यह बीमारी अभी भी बुजुर्गों की तुलना में कम उम्र वालों में अपेक्षाकृत कम पाई जाती है। धूमपान या तंबाकू का अधिक सेवन और अधिक शराब पीना पैंक्रियाज को नुकसान पहुंचाता है।
कुछ मामलों में परिवार का इतिहास या जीन में बदलाव (जैसे बीआरसीए जीन से जुड़े बदलाव) भी भूमिका निभाते हैं, खासकर जब जीवनशैली से जुड़े जोखिम भी मौजूद हों। अधिक वजन या मोटापा और लंबे समय से चली आ रही डायबिटीज पैंक्रियाटिक कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं।
सवाल : पैंक्रियाटिक कैंसर के प्रमुख लक्षण क्या हैं। इसे कैसे पहचानें? -विनोद सिंह, बाराबंकी, 52 वर्ष।
डॉक्टर-पैंक्रियाटिक कैंसर के शुरुआती चरण में अक्सर स्पष्ट या खास लक्षण नहीं दिखते हैं, इसलिए इसे पहचानना चुनौतीपूर्ण होता है। जब लक्षण दिखते हैं, तो उनमें पेट या पीठ में दर्द, बिना प्रयास के वजन घटना, भूख न लगना और पीलिया शामिल हो सकते हैं। यदि ये समस्याएं अधिक दिनों तक हों तो विशेषज्ञ डाक्टर की सलाह जरूर लें।
सवाल : पैंक्रियाटिक कैंसर के प्रमुख जोखिम क्या हैं, गंभीर बीमारी से कैसे बचाव करें।- सुनील गुप्ता, सीतापुर, 38 वर्ष।
डॉक्टर- पैंक्रियाटिक कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों में धूमपान का सेवन, अधिक उम्र (आमतौर पर 65 वर्ष से अधिक), मोटापा, अनियंत्रित डायबिटीज, क्रानिक पैंक्रियाटाइटिस और बीमारी का पारिवारिक इतिहास शामिल हैं। कई बार अग्न्याशय में मौजूद कुछ सिस्ट से भी आगे चलकर कैंसर विकसित होने का जोखिम रहता है।
सवाल : क्या अचानक डायबिटीज होना पैंक्रियाटिक कैंसर का संकेत हो सकता है। खासकर 40-50 वर्ष की उम्र के बाद ब्लड शुगर बढ़ने पर किन परिस्थितियों में कैंसर की जांच करानी चाहिए। राज बहादुर यादव, बाराबंकी, 44 वर्ष।
डॉक्टर- हां, कुछ मामलों में अचानक डायबिटीज होना पैंक्रियाटिक कैंसर (अग्नाशय के कैंसर) का शुरुआती लक्षण हो सकता है। ब्लड शुगर बढ़ने के अधिकतर मामले सामान्य टाइप-2 डायबिटीज के होते हैं, इसलिए हर बार इसका मतलब कैंसर नहीं होता।
यदि अचानक डायबिटीज का पता चले या पहले से नियंत्रित शुगर अचानक बिगड़ जाए, तो डाक्टर से सलाह जरूर लें। डाइट या व्यायाम में बदलाव किए बिना तेजी से या लगातार वजन कम हो तो भी सतर्क हो जाएं। जिन लोगों की डायबिटीज पहले दवाओं या जीवनशैली से अच्छी तरह नियंत्रित थी, उनके शुगर स्तर में अकारण उतार-चढ़ाव हो तो भी जांच कराना चाहिए।
सवाल: पैंक्रियाटिक कैंसर की पहचान के लिए क्या जांच कराना चाहिए?- दिलीप सिंह, सीतापुर, 45 वर्ष।
डॉक्टर- मुख्य रूप से सीटी स्कैन, एमआरआइ, एंडोस्कोपिक अल्ट्रासाउंड, बायोप्सी और रक्त जांच की जाती हैं। कैंसर की पुष्टि के लिए बायोप्सी और स्थिति (स्टेज) जानने के लिए इमेजिंग जांच सबसे महत्वपूर्ण होती है। हालांकि, कोई भी जांच डाक्टर की सलाह पर ही कराएं।
ये लक्षण दिखें तो रहें सतर्क
प्रो. सिंघल का कहना है कि पेट के ऊपरी हिस्से में लगातार दर्द, पीठ तक पहुंचने वाला दर्द, बिना किसी स्पष्ट कारण के तेजी से वजन घटना, भूख कम लगना, पाचन में परेशानी और लगातार थकान इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा आंखों और त्वचा में पीलापन, पेशाब का रंग गहरा होना और मल का रंग हल्का पड़ना भी खतरे का संकेत है। कुछ मरीजों में बिना स्पष्ट कारण ब्लड शुगर बढ़ने या अचानक डायबिटीज होने के साथ भी इसकी पहचान हो सकती है।
इन वजहों से बढ़ सकता है खतरा
प्रो. आशीष सिंघल के मुताबिक, धूमपान, मोटापा, लंबे समय से अग्नाशय में सूजन (क्रानिक पैंक्रियाटाइटिस), परिवार में कैंसर का इतिहास और डायबिटीज इसके प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। हालांकि कई मरीजों में कैंसर होने की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आती। ऐसे में लगातार बने रहने वाले लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है। बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर सर्जरी और अन्य उपचार से बेहतर परिणाम मिलने की संभावना रहती है। इसलिए लंबे समय तक पेट दर्द, अचानक वजन घटने या पीलिया जैसी समस्या होने पर जांच में देरी नहीं करनी चाहिए।
क्या होता है पैंक्रियाटिक कैंसर
पैंक्रियाटिक कैंसर तब होता है जब अग्नाशय की कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने और विभाजित होने लगती हैं, जिससे एक ट्यूमर बनता है। अग्नाशय पेट के ऊपरी-मध्य भाग में स्थित एक ग्रंथि है, जो भोजन पचाने में मदद करने वाले एंजाइम और इंसुलिन जैसे हार्मोन बनाती है। अधिकांश मामले एक्सोक्राइन हिस्से में शुरू होते हैं, जिन्हें डक्टल एडेनोकार्सिनोमा कहा जाता है। हार्मोन बनाने वाले हिस्से में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर भी हो सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।