विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में इंदारा ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य तेज, 21 पिलरों का 80 प्रतिशत कार्य पूरा

Published: Thu, 08 Oct 2026 03:02 PM (GMT+05:30)

मऊ के इंदारा रेलवे क्रॉसिंग पर 64.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से ...और पढ़ें

इंदारा ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य तेज।

इंदारा ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य तेज।

HighLights

  1. इंदारा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

  2. कुल 21 पिलरों में से 80 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ।

  3. मार्च 2027 तक पुल बनने से जाम से मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, अदरी (मऊ)। अलीनगर-मझवारा शहीद मार्ग स्थित इंदारा-4 स्पेशल पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण तेज हो गया है। करीब 64.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल के कुल 21 पिलर में लगभग 80 प्रतिशत तैयार हैं। कार्यदायी संस्था को 31 मार्च 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

इंदारा रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से लगने वाला जाम स्थानीय लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। ट्रेन आने पर फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की कतार लग जाती है। मधुबन और मझवारा की ओर आने-जाने वालों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

क्रॉसिंग में तकनीकी खराबी आने पर स्थिति और कठिन हो जाती है। जिला मुख्यालय जाने वाले लोगों को समय बचाने के लिए घोसी होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों की मांग पर नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद 11 फरवरी 2024 को आरओबी निर्माण को मंजूरी मिली।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 फरवरी 2024 को 64.75 करोड़ रुपये की परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया। टेस्टिंग और अन्य शुरुआती प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पिलर निर्माण शुरू हुआ। क्रॉसिंग के दोनों ओर अधिकांश पिलर बन चुके हैं।

ट्रैक के पास कुछ पिलरों की खुदाई और निर्माण बाकी है, जिसे जल्द पूरा करने की तैयारी है। वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि निर्माण तेजी से कराया जा रहा है और तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मार्च 2027 के अंतिम सप्ताह तक पुल तैयार करने का लक्ष्य है। इसके बनने से जाम से राहत मिलेगी, क्षेत्र के हजारों लोगों की आवाजाही आसान होगी और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें- पीडीडीयू मंडल में ट्रेनों की रफ्तार न थमे, इसलिए मजबूत हो रही बिजली व्यवस्था