विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक दिन की डीएम बनीं अंशिका तो डेढ़ घंटे में ही निपटा दिए कई मामले, क्लास में सबसे तेज होने का मिला इनाम

Published: Wed, 14 Oct 2026 03:54 PM (IST)

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्रा अंशिका ने मिशन शक्ति अभियान के तहत मऊ में एक दिन की जिलाधिकारी बनकर भूमि विवाद के कई मामलों की सुनवाई की।

जिलाधिकारी कार्यालय पर एक दिन की डीएम बनकर जनसुनवाई करती अंशिका: सूचना विभाग

जिलाधिकारी कार्यालय पर एक दिन की डीएम बनकर जनसुनवाई करती अंशिका: सूचना विभाग 

HighLights

  1. छात्रा अंशिका बनीं मऊ की एक दिन की जिलाधिकारी।

  2. मिशन शक्ति के तहत भूमि विवाद के मामले निपटाए।

  3. अंशिका का सपना है आईएएस अधिकारी बनना।

जागरण संवाददाता, मऊ। एक दिन की जिलाधिकारी बनीं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कोपागंज की हाई स्कूल की छात्रा अंशिका के सामने भूमि विवाद के मामले छाए रहे। इस दौरान अंशिका ने एक-एक करके विभिन्न मामलों में डेढ़ घंटे की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को मामले का निबटारा करने के लिए निर्देशित किया। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिला प्रशासन ने अंशिका को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया था।

अंशिका मूल रूप से मधुबन के नेवादा गोपालपुर की रहने वाली है। उनके पिता बृजबिहारी किसान व माता अनीता देवी गृहणी हैं। अपने कक्षा में मेधावी होने के कारण उसका चयन किया गया था। अंशिका सुबह दस बजे के करीब अपनी वार्डेन सुनीता यादव के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची।

कुर्सी पर बैठने से पूर्व जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कुमारी अंशिका को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने उन्हें सहयोग प्रदान करते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया।

एसडीएम को दिया निर्देश

मधुबन के दिघेड़ा निवासी कौशिल्या देवी ने पैमाइश के बाद बाहा में जमीन देने का प्रार्थना पत्र दिया। इस पर उन्होंने एसडीएम मधुबन को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसी प्रकार मधुबन के बेलभद्रपुर निवासी रामसोच ने आदेश के बाद भी भींटा पर अतिक्रमण की शिकायत की। साथ ही अतिक्रमण हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस पर अंशिका ने एसडीएम मधुबन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

इसी प्रकार कोपागंज के पुराना कोपा निवासी इसरावती देवी ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी जमीन पर कुछ लोग जबरदस्ती कब्जा कर रहे हैं। इस पर एसडीएम सदर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जागरण से बातचीत में अंशिका ने कहा कि भले ही वह एक दिन की डीएम बनी हैं, लेकिन उसका सपना आईएएस बनना है।

यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में मिशन शक्ति: छात्रा सोनाक्षी बनीं प्रधानाध्यापक, अरहमा उप प्रधानाध्यापक

यह भी पढ़ें- मिशन शक्ति: कुशीनगर की बेटियों ने संभाली बड़ी कुर्सी, छोटी उम्र में दिखाया नेतृत्व कौशल