CBI कार्ड और कार से अधिकारी बने, स्पेशल-26 की स्टाइल में रेड करने पहुंचे 6 लोग; 40000 मांगने पर पहुंच गए जेल
मथुरा में एक सीमेंट कारोबारी से फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर 40 हजार रुपये की रंगदारी मांगने वाले छह लोगों को ...और पढ़ें

पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपित।
HighLights
फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर कारोबारी से रंगदारी मांगी।
कर्नाटक साइबर क्राइम नोटिस की जानकारी का फायदा उठाया।
पुलिस ने छह आरोपितों को फर्जी पहचान पत्रों संग दबोचा।
संवाद सूत्र, महावन (मथुरा)। सीमेंट कारोबारी को कर्नाटक के कलबुर्गी साइबर क्राइम थाने का नोटिस मिलने की जानकारी शातिरों को हुई तो उन्होंने सीबीआई के फर्जी अधिकारी बनकर 40 हजार रुपये की रंगदारी मांग ली। रकम नहीं देने पर गंभीर मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर जमुनापार पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के दो फर्जी पहचान पत्र, 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड और स्टीकर लगीं दो कारें बरामद की हैं।
कर्नाटक के साइबर क्राइम थाने का नोटिस मिलने की जानकारी पर बनाया दबाव
जमुनापार के लोहवन रोड स्थित महालक्ष्मी ट्रेडर्स के संचालक देवेंद्र कुमार ने बताया कि कर्नाटक में किसी के साथ कुछ माह पूर्व ठगी की गई थी, जिस नंबर से ठगी की गई थी, उससे कुछ समय पर देवेंद्र को आनलाइन कुछ धनराशि दी गई। जांच होने पर कर्नाटक के कलबुर्गी थाने से देवेंद्र को छह अक्टूबर को नोटिस भेजा गया। देवेंद्र ने अगले ही दिन इसका जवाब भेज दिया। नोटिस आने की जानकारी किसी तरह यहां के शातिरों को हो गई।
दो कारों पर लगाए थे क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के स्टीकर
एक शातिर ने सात अक्टूबर को दोपहर 12 बजे देवेंद्र को फोन किया और खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर केडी यादव बताते हुए कर्नाटक का मामला समाप्त कराने की बात कही। रात आठ बजे दोबारा फोन कर टीम के साथ दुकान आने की धमकी दी।
आठ अक्टूबर को दो कारों से पूर्व में सीमेंट खरीदने वाले सोनू निवासी देवसेरस, गोवर्धन और उसके साथी सूरज कुमार, कुलदीप यादव निवासी खोड़ा कॉलोनी संगम विहार गाजियाबाद, करन राणा निवासी न्यू पालम विहार गुरुग्राम, कुणाल निवासी 450 जेजे कॉलोनी सरिता विहार कॉलोनी पहुंचे।
यह भी पढ़ें- आगरा में 12वीं पास बांट रहा था सरकारी नौकरी: DGP के पीआरओ का मित्र बता बेरोजगारों से ठगे 1.25 करोड़
यह भी पढ़ें- रालोद की 'स्वाभिमान सभा' से ब्रज में सियासी जमीन मजबूत करने की तैयारी, आगरा की तीन सीटों पर नजर
40 हजार रुपये मांगे
इन लोगों ने देवेंद्र से कर्नाटक पुलिस के नोटिस का निपटारा कराने के नाम पर 40 हजार रुपये मांगे। रकम नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी दी और गाली-गलौज की। देवेंद्र ने बताया कि जब उन्होंने अपने स्तर से जांच की तो पता चला कि सोनू रवि नामक व्यक्ति का भाई है। रवि देवेंद्र के गांव के प्रधान के पास आता-जाता था, वहीं से उसे नोटिस की जानकारी मिली और उसने अपने भाई को रंगदारी मांगने के लिए लगाया।
पीड़ित ने शुक्रवार शाम छह नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने सिहोरा के पास छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, उनकी दो कार पर क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के स्टीकर लगे थे।
