आखिर क्यों उठी बांकेबिहारी मंदिर के लिए नए परिसर की मांग? सेवायतों ने रखी 50 एकड़ भूमि पर निर्माण की बात
वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की बैठक में सेवायत सदस्यों ने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सेवायतों ने 50 एकड़ भूमि पर नए बांकेबिहारी मंदिर की मांग की।
समिति ने नए मंदिर की मांग को अपने कार्यक्षेत्र से बाहर बताया।
मंदिर के आयकर, वीआईपी दर्शन और विहार पंचमी पर भी चर्चा हुई।
संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की 22 वीं बैठक में सेवायत सदस्यों ने भीड़ प्रबंधन आैर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा की दृष्टि से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के नए मंदिर की स्थापना करने की मांग उठाई।
सेवायतों ने कहा 50 एकड़ भूमि पर नए मंदिर का निर्माण हो, जहां श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था देने के साथ गलियारा भी स्थापित कर दिया जाए। ऐसे में मंदिर के आसपास के प्राचीन मंदिर व कुंजगलियों का अस्तित्व बरकरार रहेगा और कई पीढ़ियों से रह रहे लोगों को भी उजाड़ा नहीं जाएगा।
सेवायतों की मांग पर समिति अध्यक्ष ने इसे अपने कार्यक्षेत्र से बाहर का विषय बताया तो सेवायतों ने सवाल दागा कि यदि ये आपके कार्यक्षेत्र में नहीं तो गलियारा निर्माण में प्रभावितों को विप्रा द्वारा फ्लैट आवंटन, भूमि अधिग्रहण में समिति किस आधार पर कार्रवाई कर रही है।
बांकेबिहारी मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की बैठक
शहीद लक्ष्मण स्मारक भवन में मंगलवार को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की 22 वीं बैठक की शुरूआत मंदिर पर देय आयकर से संबंधित प्रस्ताव पर मंथन से हुई।
समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया मंदिर के सीए कुलदीप अरोड़ा ने सुझाव दिया कि मंदिर कोष में ठाकुरजी के नाम जो धनराशि जमा है, उस पर प्रतिवर्ष 27 करोड़ रुपये ब्याज आता है, इस पर तीस फीसदी धन मंदिर को खर्च करना चाहिए था। लेकिन, वर्ष 22 से अब तक ऐसा नहीं हुआ है। ऐसे में पिछले चार वर्षाें में टैक्स बचाने के लिए मंदिर को इस वर्ष 31 मार्च 27 तक आठ करोड़ रुपये व्यय ठाकुरजी से संबंधित, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में करना होगा। इस तरह 2030 तक मंदिर को ये पैसा खर्च करना होगा।
डीएम सीपी सिंह नहीं थे मौजूद
चूंकि बैठक में समिति सचिव डीएम सीपी सिंह मौजूद नहीं थे, तो इस विषय को आगामी बैठक 16 दिसंबर के लिए प्रस्तावित रखा है। इस बैठक में चार्टर्ड एकाउंटेंट भी मौजूद रहेंगे। मंदिर की व्यवस्था में सेवायतों के यजमान नियत संख्या में वीआईपी दर्शन कर सकें, इसके लिए तीन दिन में रूपरेखा तय की जाएगी। वीआईपी दर्शन के लिए व्यवस्था का संचालन मोहनबाग से होगा। जहां से श्रद्धालु अपने यजमानों अथवा दूसरे लोग वीआईपी दर्शन की पर्ची बनवा सकेंगे।
विहार पंचमी पर मंदिर कोष से आठ लाख रुपये खर्च करने का निर्णय लिया
ठाकुर बांकेबिहारीजी के प्राकट्योत्सव विहार पंचमी पर मंदिर कोष से आठ लाख रुपये खर्च करने का निर्णय लिया और आयोजन को भव्य बनाने के लिए चारों सेवायत सदस्यों की समिति बनाई है, जो समिति सदस्यों के सहयोग से उत्सव को दिव्य तरह से मनाएंगे। अध्यक्ष ने कहा राधाकुंड में बिहारीजी के मंदिर का 31 दिसंबर को ठेका खत्म हो रहा है। इसके लिए 10 दिसंबर तक ठेका उठाने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया। गोस्वामी सदस्यों ने अपनी मांगों को जो पत्र सात सितंबर को दिया गया था, इस पर चर्चा इस बैठक में नहीं हो सकी। अगली बैठक में सेवायतों के पत्र पर चर्चा की जाएगी। सेवायातों द्वारा नए मंदिर की मांग पर अध्यक्ष ने कहा ये मामला हमारे कार्यक्षेत्र से बाहर है, इसपर निर्णय सुप्रीम कोर्ट ही ले सकती है।
समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने कही ये बात
उधर, समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने कहा कि नए मंदिर की मांग पर जब हमने गलियारा प्रभावितों को फ्लैट, भूमि के क्रय का अधिकार समिति के कार्यक्षेत्र में कैसे आया तो इस पर समिति अध्यक्ष ने चुप्पी साध ली। जबकि उनके द्वारा बैठक में मंदिर के सुरक्षागार्डों द्वारा महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाई, मंदिर के आसपास के क्षेत्र में गंदगी, प्रकाश व्यवस्था पर सवाल उठाए, तो किसी भी मुद्दे पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर आपत्ति जताई।
ये रहे मौजूद
सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्र, जिला जज विकास कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा, एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र, एसीएम राजकुमार चौधरी, सेवायत सदस्यों में रजत गोस्वामी, शैलेंद्रनाथ गोस्वामी, हिमांशु गोस्वामी, प्रतिनिधि आभाष गोस्वामी, प्रबंधक मुनीश शर्मा, उमेश सारस्वत मौजूद रहे।
विहार पंचमी शोभायात्रा में फिल्मी गानों पर प्रतिबंध
समिति की बैठक में निर्णय लिया कि विहार पंचमी पर निकलने वाली शोभायात्रा में फिल्मी गाने पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी बैंड ने फिल्मी गाने बजाए, तो कठोर कार्रवाई के साथ अर्थदंड भी आराेपित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- बांकेबिहारी मंदिर में रिकॉर्ड चढ़ावा, ढाई महीने में 6 करोड़ पार; कमेटी का कदम लाया रंग
साधु ने समिति के समक्ष रखी अभद्रता की शिकायत
कालीदह निवासी संत प्रियाशरण उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। संत प्रियाशरण ने कहा शरद पूर्णिमा पर वे दर्शन करने गए, तो सुरक्षागार्ड ने उनके साथ हाथापाई करते हुए अभद्रता कर डाली। समिति पदाधिकारियों ने मामले की जांच करवाने का भरोसा दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।