यूपी में सफाईकर्मियों के लिए नई व्यवस्था, फेस-लोकेशन एप से होगी डिजिटल हाजिरी
Mathura News: मथुरा नगर निगम सफाईकर्मियों के लिए नई डिजिटल हाजिरी व्यवस्था शुरू कर रहा है। यह व्यवस्था चेहरे की ...और पढ़ें

Mathura News: सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सफाईकर्मियों के लिए नई डिजिटल हाजिरी व्यवस्था शुरू करने की तैयारी।
चेहरे की पहचान और लोकेशन आधारित मोबाइल ऐप से लगेगी हाजिरी।
कार्यस्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित होगी, फर्जीवाड़े पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
विवेक राजपूत, मथुरा। Mathura News: समय पर कार्यस्थल पर न जाने, समय से पहले गायब हो जाने, काम न करने, इस तरह की मनमानी पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के लिए नगर निगम सफाईकर्मियों के लिए हाजिरी की नई डिजिटल व्यवस्था की तैयारी शुरू हो गई है। चेहरे की पहचान, लोकेशन आधारित एप से इन कर्मियों की हाजिरी लगेगी। हर कर्मचारी की लोकेशन फीड होगी, जिसमें इन व आउट का समय होगा। इसके लिए एक एप तैयार कराया जाएगा। मोबाइल आधारित एप से सभी कर्मचारियों की हाजिरी लगेगी।
नगर निगम में अधिकारियों, कर्मचारियों की बायोमीट्रिक हाजिरी की व्यवस्था है। केवल स्थाई, संविदा एवं आउटसोर्स सफाईकर्मियों की हाजिरी की व्यवस्था मैनुअल है।
इनकी संख्या करीब तीन हजार के आसपास है। अब नगर निगम में सफाईकर्मियों की उपस्थिति की डिजिटल हाजिरी की व्यवस्था की तैयारी शुरू हो गई है।
निगम के स्थाई एवं आउटसोर्स सफाईकर्मियों के लिए होगी उपस्थिति की डिजिटल व्यवस्था
चेहरा व लोकेशन आधारित एक एप तैयार किया जा रहा है, ये एप मोबाइल पर भी काम करेगा। गूगल से हर कर्मचारी की लोकेशन सेट की जाएगी। इन व आउट का समय इसमें फीड किया जाएगा। कर्मचारियों की लॉगिन आईडी बनाई जाएगी, जिसके जरिए ये एप मोबाइल में खुलेगा।
इन व आउट का समय होगा निर्धारित
हर एक सफाईकर्मी सुबह अपने निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर जाकर हाजिरी लगाकर इन होगा। ड्यूटी समाप्ति के समय निर्धारित स्थल पर आउट होगा, तभी उसकी ड्यूटी पूरी मानी जाएगी। इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत कोई भी सफाईकर्मी अपनी ड्यूटी से जी नहीं चुरा सकेगा। इसमें मूवमेंट भी कैद होगा। सफाईकर्मी संबंधित क्षेत्र में है अथवा नहीं, की आनलाइन निगरानी की जा सकेगी। इस तकनीक के लागू होने से शहर के हर वार्ड और मुहल्ले में सफाई का स्तर सुधरेगा और प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत होगा।
फर्जीवाड़े पर भी लगेगा अंकुश
नगर निगम के अधीन सफाई एवं कचरा उठाने का कार्य कर रही कंपनियां भी निर्धारित से कम कर्मचारी लगाकर काम करती हैं। पूर्व में निरीक्षण में इस तरह की गड़बड़ी सामने आई है। इस नई व्यवस्था से कंपनियों की मनमानी एवं फर्जीवाड़े पर भी लगाम की तैयारी है।
