राधा अष्टमी 2026 में कब है? नोट कर लें सही डेट, बरसाना में वृषभानु नंदनी का जन्मोत्सव पर मूलशांति अनुष्ठान और पंचामृत अभिषेक
radha ashtami 2026 mein kab hai बरसाना में वृषभानु नंदनी राधारानी का जन्मोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस ...और पढ़ें

Radha Ashtami 2026: सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
वृषभानु नंदनी राधारानी का जन्मोत्सव बरसाना में उत्साह से मनेगा।
मूलशांति अनुष्ठान और भव्य पंचामृत अभिषेक मुख्य आकर्षण होंगे।
नंदगांव से बधाई और राधारानी का डोला भी निकलेगा।
संवाद सूत्र, बरसाना (मथुरा)। Radha Ashtami 2026: बरसाना में वृषभानु नंदनी राधारानी का जन्मोत्सव शनिवार को मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर बरसाना में चारों तरफ उत्साह और उमंग का माहौल है। पूरा ब्रह्मांचल पर्वत सतरंगी रोशनी से जगमगा रहा है। राधारानी के निज महल को भव्य तरीके से सजाया व संवारा जा रहा है। उत्सव में शामिल होने के लिए गुरुवार शाम से ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं का बरसाना पहुंचना शुरू हो गया।
सेवायत श्याम गोस्वामी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि लाडलीजी मंदिर में बधाई गायन का सिलसिला शुरू हो चुका है।
27 पवित्र द्रव्यों से होगी 'मूल शांति' और भव्य पंचामृत अभिषेक
शुक्रवार की रात्रि दो बजे से मंदिर परिसर में गोस्वामी समाज द्वारा मंगल गायन किया जाएगा। मूल नक्षत्र में जन्मी राधारानी के जन्म दोष निवारण के लिए गर्भगृह में सेवायतों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ''मूलशांति'' का विशेष अनुष्ठान किया जाएगा। इसमें 27 कुओं का जल, 27 वृक्षों की पत्तियां, 27 पवित्र स्थानों की मिट्टी, 27 औषधि व 27 फल शामिल होंगे। तांबे के बर्तन में तेल आदि का उपयोग कर विधि-विधान से मूल शांति की प्रक्रिया सुबह चार बजे तक पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Radha Ashtami: ब्रह्मांचल पर्वत पर बना 500 साल पुराना मंदिर, बरसाना के राधा रानी Temple की है विशेष मान्यता
पंचामृत अभिषेक और दिव्य शृंगार
- अभिषेक सुबह चार बजे से पांच बजे तक राधारानी के दिव्य विग्रह को जगमोहन में लाकर 50 किलो दूध, 50 किलो दही, 10 किलो शहद, पांच किलो इत्र और 20 किलो बूरा से पंचामृत अभिषेक कराया जाएगा।
- इसके बाद मंगला आरती सुबह साढ़े पांच बजे उन्हें पीले रंग के वस्त्र धारण कराकर मंगला आरती संपन्न होगी।
- सुबह आठ बजे शृंगार आरती के दौरान वृषभानु दुलारी को सोने, चांदी और हीरे जड़ित लाखों रुपये की पोशाक पहनाई जाएगी।
- इस दौरान राधा-कृष्ण लाखों के आभूषण धारण कर शीश महल में भक्तों को दर्शन देंगे।
नंदगांव से आएगी बधाई और निकलेगा डोला
कृष्ण प्रिया के जन्मोत्सव की सूचना पाकर शनिवार सुबह नंदगांव से बधाई संदेश आएगा। इस दौरान लाडली जी मंदिर परिसर में दोनों गांवों के लोग एक-दूसरे को लाली के जन्म की बधाइयां देंगे। इसके पश्चात, सायं चार बजे राधारानी का डोला बैंड-बाजों के साथ सफेद छतरी के नीचे लाया जाएगा। डोले पर पुष्प वर्षा की जाएगी और सफेद छतरी में विराजमान होकर भानु दुलारी सभी भक्तों को नजदीक से दर्शन देंगी।
