वृद्धावस्था पेंशन अब दो किस्तों में आएगी, 45 दिन का रहेगा अंतराल; बुजुर्गों को मिलेगी सहूलियत
वृद्धावस्था पेंशन अब तीन महीने की एक साथ न मिलकर दो किस्तों में दी जाएगी, जिनके बीच 45 दिन का अंतराल होगा।

HighLights
पेंशन अब दो किस्तों में, 45 दिन का अंतराल रहेगा।
प्रत्येक किस्त में 1500 रुपये सीधे बैंक खाते में मिलेंगे।
लाभार्थियों को आधार से बैंक खाता लिंक कराना होगा।
जागरण संवाददाता, मथुरा। वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले बुजुर्गों के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब तीन माह की पेंशन एक साथ मिलने के बजाय दो किस्तों में दी जाएगी। दोनों किस्तों के बीच 45 दिन का अंतराल रहेगा। प्रत्येक किस्त में लाभार्थियों के बैंक खाते में 1500 रुपये भेजे जाएंगे। जिले में 68 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन का लाभ मिलेगा।
पेंशन की धनराशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे बुजुर्गों को पेंशन प्राप्त करने में सहूलियत होगी। नई व्यवस्था के तहत तीन माह की कुल तीन हजार रुपये की पेंशन दो किस्तों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी। 80 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों की त्रैमासिक पेंशन में राज्य और केंद्र सरकार का अंश 1500-1500 रुपये है।
80 वर्ष से कम आयु के लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से 2400 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 600 रुपये मिलते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू ने बताया कि लाभार्थी अपने बैंक खाते को आधार से लिंक करा लें, ताकि डीबीटी के माध्यम से पेंशन मिलने में कोई बाधा न आए।
वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदक की आयु कम से कम 60 वर्ष होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र में वार्षिक आय 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्र में 56,460 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और परिवार रजिस्टर की नकल सहित जरूरी दस्तावेज एसएसपीवाई पोर्टल पर अपलोड करने होते हैं।
