विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छह माह से पेंशन बंद, दुर्गापूजा पर बढ़ी परेशानी; बाबूलाल मरांडी ने दी धरने की चेतावनी

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:14 PM (IST)

Jharkhand Pension Arrears: छह माह से वृद्धावस्था और विधवा पेंशन न मिलने से परेशान महिलाओं ने बाबूलाल मरांडी से गुहार ...और पढ़ें

तिसरी में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत करतीं महिलाएं। (फोटो जागरण)

तिसरी में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत करतीं महिलाएं। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. छह माह से वृद्धावस्था और विधवा पेंशन का भुगतान नहीं।

  2. दुर्गापूजा के दौरान आर्थिक संकट से जूझ रही हैं महिलाएं।

  3. बाबूलाल मरांडी ने 27 अक्टूबर तक भुगतान की चेतावनी दी।

संवाद सहयोगी, तिसरी (धनबाद)। Babulal Marandi Warns Protest: दुर्गापूजा के दौरान छह माह से वृद्धावस्था और विधवा पेंशन नहीं मिलने से परेशान पेंशनधारी महिलाओं ने झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी से गुहार लगाई।

महिलाओं ने कोदई बांक स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर अपनी समस्याएं बताईं। उन्होंने कहा कि छह माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण त्योहार के समय आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले में बाबूलाल मरांडी ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि यदि आगामी 27 अक्टूबर से पहले गरीब वृद्धों और विधवा महिलाओं को पेंशन का भुगतान नहीं किया गया, तो तिसरी, गांवा और देवरी प्रखंड के सैकड़ों पीड़ित पेंशनधारी महिला-पुरुष खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय के समक्ष धरना देंगे।

मरांडी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ धनवार क्षेत्र के सभी 28 दुर्गापूजा पंडालों का भ्रमण किया। इस दौरान कई पंडालों के आसपास महिलाओं ने उनसे मुलाकात कर छह माह से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की।

उन्होंने कहा कि कई वृद्ध महिलाएं पेंशन के अभाव में गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। जिन लोगों का जीवनयापन पेंशन पर निर्भर है, उनके लिए लंबे समय तक भुगतान नहीं होना बेहद पीड़ादायक है। त्योहार के समय ऐसी स्थिति में उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय, प्रमुख राजकुमार यादव, चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव, भाजपा नेता रामचंद्र ठाकुर, उदय साव, मोहन मोदी और किशुन यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- गांडेय में पेंशन पर आफत, छह माह से खाते में नहीं आए पैसे; दुर्गापूजा का रंग फीका

यह भी पढ़ें- रिश्वत लेकर बालू लदा ट्रैक्टर छोड़ने के आरोप में दारोगा और सिपाही निलंबित, गिरिडीह SP की कार्रवाई