विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेतों में पराली जलाने से छुटकारा, मशीनों पर दो लाख तक अनुदान दे रही सरकार, जानें आवेदन का तरीका

Published: Mon, 12 Oct 2026 05:39 PM (IST)

मथुरा में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार कृषि यंत्रों पर अनुदान दे रही है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मथुरा में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने की पहल।

  2. किसानों को कृषि यंत्रों पर मिल रहा है भारी अनुदान।

  3. आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर, ऑनलाइन करें बुकिंग।

जागरण संवाददाता, मथुरा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के समीप जिले में खेतों में पराली जलाने की घटनाओं में तेजी है, जो कि वायु की गुणवत्ता को खराब कर सकती है। स्थिति यह है कि 40 घटनाओं के साथ पराली जलाने के मामले में मथुरा प्रदेश में पहले स्थान पर है।

दूसरी ओर ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के कृषि यंत्र अनुदान पर लेने का अवसर मिला है। प्रदेश सरकार की योजना के तहत किसान सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रा बेलर और अन्य कृषि यंत्रों के लिए आनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया सात अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और 20 अक्टूबर तक चलेगी।

परानी प्रबंधन गंभीर चुनौती

जिले में पराली प्रबंधन की चुनौती गंभीर बनी हुई है। 10 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार जिले में सैटेलाइट से पराली जलाने की 40 घटनाएं दर्ज की गई है। धान की अगैती खेती और हार्वेस्टर से कटाई के कारण खेतों में फसल अवशेष रह जाते हैं। अगली फसल की बोआई की तैयारी में कुछ किसान इन्हें जला देते हैं।

यही कारण है कि प्रदेश में सबसे ज्यादा घटनाएं मथुरा में हो रही हैं। इससे मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके लिए अब कृषि उपकरणों को अनुदान पर देने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

फसल अवशेष प्रबंधन योजना में सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, सुपर एसएमएस, स्ट्रा चापर, श्रेडर, मल्चर, जीरो टिल सीड ड्रिल, स्ट्रा बेलर और रेक जैसे उपकरण शामिल हैं। इनकी मदद से पराली को खेत में मिलाने, अवशेषों के छोटे टुकड़े करने, बिना पराली हटाए बोआई करने अथवा अवशेषों की गांठें बनाकर खेत से बाहर ले जाने में मदद मिलती है।

किस यंत्र पर कितना अनुदान, देखें लिस्ट

क्र. कृषि यंत्र अनुदान (₹)
1 सुपर एसएमएस 59,700
2 हैप्पी सीडर 81,400
3 सुपर सीडर 1,20,000
4 स्ट्रा चापर-मल्चर 72,500
5 ट्रेल्ड स्ट्रा चापर 1,47,100
6 श्रब मास्टर 27,500
7 हाइड्रोलिक रिवर्सिबल एमबी प्लाऊ 70,500
8 सरफेस सीडर 44,000
9 जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल 24,800
10 बेलर मशीन 2,20,000

किसान ऐसे करें आवेदन

जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने बताया है कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए किसान उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://agriculture.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। किसान कार्नर में यंत्र बुकिंग प्रारंभ विकल्प के माध्यम से संबंधित योजना और यंत्र का चयन किया जा सकता है। आवेदन करते समय पात्रता, जरूरी दस्तावेज और जिले में उपलब्ध यंत्रों की जानकारी अवश्य जांच लें। अधिक आवेदन होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयन किया जा सकता है।क

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में पराली जलाई तो खैर नहीं, 15 हजार जुर्माना लगेगा; सैटेलाइट से की जाएगी निगरानी

यह भी पढ़ें- मैनपुरी में पराली जलाने पर अब सेटेलाइट से होगी निगरानी, किसानों पर लगेगा भारी जुर्माना