विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर संतों ने की भव्य मंदिर निर्माण की मांग, कहा- कोर्ट के अंतिम फैसले तक ढकी जाए मस्जिद की गुंबद

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:53 PM (IST)

प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में भव्य मंदिर निर्माण की मांग की है। उन्होंने विवादित ढांचे को हटाने और न्यायालय के अंतिम निर्णय तक मस्जिद के गुंबद को ढकने की अपील भी की।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान से दर्शन कर बाहर आते अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास व अन्य

श्रीकृष्ण जन्मस्थान से दर्शन कर बाहर आते अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास व अन्य

HighLights

  1. प्रमुख संतों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर की मांग की।

  2. विवादित ढांचे को हटाने और गुंबद ढकने की अपील की।

  3. श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के सम्मान पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में दर्शन करने पहुंचे प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने विवादित ढांचे को हटाने और वहां भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाने की मांग की है। इस दौरान संतों ने न्यायालय का अंतिम निर्णय आने तक मस्जिद के गुंबद को ढकने की भी अपील की है।

दर्शन के लिए अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास, कार्ष्णि नागेंद्र महाराज, काशी विद्वत परिषद (पश्चिमी भारत) के प्रभारी रोहित रिछारिया सहित कई अन्य धर्माचार्य श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह में दर्शन-पूजन किया और परिसर का भ्रमण किया।

दर्शन के बाद संतों ने संयुक्त रूप से कहा कि मुगल शासक औरंगजेब द्वारा बनवाई गई मस्जिद को यहां से जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए और इस स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण का एक दिव्य और भव्य मंदिर निर्मित किया जाना चाहिए।

संतों का कहना था कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है, उसी तर्ज पर मथुरा में भी श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनना चाहिए। कार्ष्णि नागेंद्र महाराज ने कहा कि जब वे और अन्य श्रद्धालु जन्मभूमि के दर्शन करने आते हैं, तो सामने मस्जिद को देखकर उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि पर आकर श्रद्धालुओं को केवल भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन होने चाहिए, किसी अन्य ढांचे का नहीं।

उन्होंने अस्थायी समाधान सुझाते हुए मांग की कि जब तक इस मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, तब तक मस्जिद के गुंबद को ढक दिया जाए, ताकि यहां आने वाले दर्शनार्थियों की आस्था और भावनाएं आहत न हों।

संतों ने कहा कि यह मांग किसी के विरोध में नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान के लिए है। महंत राजू दास ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मामला करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले में सकारात्मक निर्णय आएगा। इस दौरान संतों ने जन्मभूमि परिसर में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- मथुरा में डॉक्टर के घर में 25 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने बेटे के सिर पर तमंचा रखकर की वारदात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।