आयकर विभाग ने शंकर सेठ की सर्च का दायरा बढ़ाया, लेनदेन से जुड़े लोगों को नोटिस देकर बुलाया, कारोबारियों में हड़कंप
आयकर विभाग ने वृंदावन के कारोबारी शंकर सेठ पर चल रही सर्च का दायरा बढ़ा दिया है। अब यह जांच ...और पढ़ें

मथुरा में जांच के दौरान टीम।
HighLights
आयकर विभाग ने शंकर सेठ की सर्च का दायरा बढ़ाया
डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े वित्तीय लेनदेन जांच में
संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ शुरू की गई
जागरण संवाददाता, मथुरा। वृंदावन के डालमिया बाग में पेड़ कटान प्रकरण के बाद चर्चा में आए कारोबारियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन अब आयकर विभाग की जांच के दायरे में आने की आशंका से हलचल बढ़ गई है। होटल कारोबारी शंकर सेठ के ठिकानों पर चल रही आयकर सर्च का दायरा बढ़ा दिया गया है। विभाग की टीमें अब केवल कारोबारी के अपने रिकॉर्ड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जांच के दौरान सामने आए दूसरे व्यक्तियों, फर्मों और संस्थाओं के लेनदेन का भी सत्यापन कर रही हैं।
लेनदेन से जुड़े लोगों को नोटिस कर बुलाया, की पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, सर्च के दौरान प्राप्त लेखा अभिलेखों, दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य कारोबारी विवरणों का बारीकी से मिलान किया जा रहा है। रिकॉर्ड में जिन लोगों और संस्थाओं के नाम सामने आए हैं, उनसे भी जानकारी लेने के लिए शनिवार सुबह नोटिस जारी किए गए।
शाम को आयकर अधिकारियों ने संबंधित लोगों से पूछताछ कर उनके कारोबारी व्यवहार और दस्तावेजों का क्रास वेरिफिकेशन शुरू किया है। इस कार्रवाई से वृंदावन के डालमिया बाग में पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े लोगों में भी हलचल है।
डालमिया बाग से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों को लेकर भी बढ़ी बेचैनी
प्रकरण से संबंधित जमीन, संपत्ति और वित्तीय लेनदेन के दस्तावेजों को लेकर संबंधित कारोबारियों की चिंता बढ़ी हुई है। हालांकि, डालमिया बाग प्रकरण से जुड़े किसी व्यक्ति या लेनदेन पर आयकर विभाग की कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आयकर विभाग की जांच में दूसरे कारोबारियों और संस्थाओं के रिकॉर्ड का मिलान किए जाने से यह स्पष्ट है कि सर्च का दायरा अब संबंधित कारोबारी नेटवर्क तक बढ़ाया जा रहा है।
आने वाले दिनों में दस्तावेजों के सत्यापन से जांच की दिशा और स्पष्ट हो सकती है। वहीं नोटिस जारी होने से शंकर सेठ से जुड़े कारोबारियों में हलचल बढ़ गई है। सबको डर है कि कहीं उनको आयकर का नोटिस न मिल जाए।
अपेक्षित परिणाम न मिलने पर बढ़ाया सर्च का दायरा
सूत्रों के मुताबिक शंकर सेठ के यहां आयकर विभाग की सर्च में टीम को शुरुआती स्तर पर अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। इसके बाद जांच को व्यापक करते हुए कारोबारी रिकॉर्ड में दर्ज दूसरे व्यक्तियों, फर्मों और संस्थाओं तक पड़ताल बढ़ाई गई है। शनिवार सुबह कई संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ की गई। विभाग अब उनके बैंकिंग लेनदेन, कारोबारी दस्तावेजों और आपसी वित्तीय व्यवहार का मिलान कर रहा है।
यह भी पढ़ें- मथुरा: 24 घंंटे से आयकर विभाग का सर्वे जारी, शंकर सेठ के ठिकानों पर वित्तीय लेनदेन और कारोबारी के नेटवर्क की पड़ताल
जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि विभाग का उद्देश्य कारोबारी नेटवर्क में हुए वास्तविक लेनदेन और आय के स्रोत का पता लगाना है। हालांकि, सर्च के परिणामों को लेकर आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन यह तय है कि आयकर की जांच अभी और चलेगी। शनिवार देर रात तक कार्रवाई जारी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।