संभलकर आए बांकेबिहारी के नगरी, कार्तिक पूर्णिमा के लिए लाखों भक्त पहुंचे वृंदावन; यातायात व्यवस्था होगी चुनौती
कार्तिक पूर्णिमा पर वृंदावन में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिससे यातायात व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। पहले से ही शहर में वाहनों का जाम देखा जा रहा है, जिससे कार्तिक पूर्णिमा पर स्थिति और बिगड़ सकती है।

फाइल फोटो।
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर वृंदावन में लाखों श्रद्धालुओं का जमावड़ा।
यातायात व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती।
बांकेबिहारी मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भारी भीड़ की आशंका।
संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। कार्तिक के महीने का अंतिम दौर चल रहा है। देश दुनिया के लाखों श्रद्धाुल कार्तिक नियम सेवा करने को एक महीने से वृंदावन प्रवास पर हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर कार्तिक की नियम सेवा पूरी होगी, तो देश के विभिन्न प्रांतों के श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना स्नान, पंचकोसीय परिक्रमा मंदिरों के दर्शन व यमुना किनारे दीपदान के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर समेत सभी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ पहुंचेगी और शहर में यातायात व्यवस्था संभालना पुलिस व यातायात पुलिस के लिए चुनौती भरा साबित होगा।
कार्तिक पूर्णिमा के एक दिन पहले से ही शहर में भक्तों की भीड़ का दबाव बनेगा तो यमुना किनारे दीपकों से पूरा वातावरण प्रकाशमय नजर आएगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर भीड़ नियंत्रण करना होगा प्रशासन के लिए चुनौती
कार्तिक के अंतिम दिनों में अब देशभर के विभिन्न प्रांतों के लाखों श्रद्धालु वृंदावन में डेरा डालेंगे। कार्तिक नियम सेवा करने को पहले ही लगभग डेढ़ लाख देश विदेश के श्रद्धालुओं ने वृंदावन में डेरा डाला है, जो नियमित रूप से कार्तिक नियम सेवा कर रहे हैं। इसके अलावा हजारों श्रद्धालु ब्रज चौरासीकोस परिक्रमा कर रहे हैं। इन श्रद्धालुओं की चौरासीकोस परिक्रमा भी कार्तिक पूर्णिमा पर पूरी होगी तो वृंदावन में भक्तों की भारी भीड़ मंदिरों के दर्शन, पंचकोसीय परिक्रमा और यमुना किनारे दीपदान के लिए पहुंचेगी। ऐसे में जिला प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती यातायात व्यवस्था को दुरस्त बनाए रखना है।
चार पहिया वाहनों ने लगाया जाम
रविवार को ही शहर में चार पहिया वाहनों का भारी जाम हर सड़क पर देखने को मिला। पागल बाबा से बस स्टैंड तक पहुंचने में सिटी बसों को ही एक घंटे का समय लगा। जबकि शहर के अंदर मंदिर मार्ग हों या फिर व्यस्ततम बाजार में ई-रिक्शा, आटो और श्रद्धालुओं के चार पहिया वाहनों ने सुबह से शाम तक जाम के हालात बनाकर रखे।
जाम में रेंगते हुए आगे बढ़े वाहन
गोपीनाथ बाजार, पत्थरपुरा, बनखंडी, अनाजमंडी, किशोरपुरा, भट्टर भवन, सीएफसी, नगर निगम चौराहा से लेकर रामकृष्ण मिशन तक सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे। इसी तरह अटल्ला चुंगी पर भी घंटों जाम में फंसने के बाद वाहन चालक आगे बढ़ सके। हालात यही बने रहे तो कार्तिक पूर्णिमा पर शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होती दिखाई देगी। जबकि मंदिरों में भक्तों की भीड़ से हालात बिगड़ेंगे।
शहर में श्रद्धालुओं के वाहनों को रोकने के लिए हर नाके पर बैरियर स्थापित हैं। ई-रिक्शा संचालन नियंत्रण को लगातार चेकिंग चल रही है। जहां जाम के हालात दिखाई देते हैं, टीम लगाकर आवागमन दुरुस्त करवाया जा रहा है।
संदीप सिंह, सीओ वृंदावन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।