प्रेमी संग शादी करने पर बहन की बेरहमी से हत्या: भाई ने कब्रिस्तान में दफनाया शव, मथुरा में ऑनर किलिंग
प्रेमी के साथ शादी करने वाली एक युवती की मथुरा में गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव को ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
प्रेमी से शादी करने पर युवती की हत्या
शव को कब्रिस्तान में दफनाया गया था
भाई ने पूछताछ में जुर्म कबूल किया
जागरण संवाददाता, मथुरा। प्रेमी के साथ घर से फरार होकर शादी करने वाली युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद स्वजन ने शव को नई बस्ती स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पचेरी कलां निवासी पति की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच की। इसके बाद युवती के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य स्वजन फरार बताए गए हैं।
करीब डेढ़ माह पहले गोविंद नगर के नई बस्ती निवासी नाजिया अपने प्रेमी रविंद्र के साथ घर से चली गई थी। दोनों ने शादी कर ली और दिल्ली में रहने लगे।
करीब 15 दिन बाद युवती के घरवाले उसे समझाकर वापस ले आए। उन्होंने आश्वासन दिया था कि दोनों की शादी धूमधाम से कराई जाएगी। आरोप है कि युवती के घर लौटने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
भाई ने पूछताछ में कबूला जुर्म
रविंद्र ने नाजिया के घरवालों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बातचीत बंद कर दी। फोन उठाना भी बंद कर दिया। इस पर रविंद्र ने राजस्थान में पत्नी के अपहरण की जीरो एफआईआर दर्ज कराई और उसकी हत्या की आशंका जताई। मामले की जांच के दौरान गोविंद नगर पुलिस ने नाजिया के भाई अकरम निवासी नई बस्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
कब्रिस्तान से शव बरामद किया
सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र के आदेश पर पुलिस ने कब्रिस्तान से शव बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं युवती के अन्य स्वजन की तलाश की जा रही है। डीग गेट चौकी प्रभारी मयंक ने बताया मामले की जांच के साथ आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
