विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मालगाड़ी से हुई गिट्टियों की 'बरसात', थम गए वाहनों के पहिये, दहशत में आए राहगीर; मथुरा में रेलवे की लापरवाही

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:16 AM (IST)

मथुरा के भूतेश्वर अंडरपास पर मालगाड़ी से गिट्टियां गिरने से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे की लापरवाही के कारण सड़क ...और पढ़ें

मालगाड़ी से गिरीं गिट्टियों को हटाता श्रमिक।

मालगाड़ी से गिरीं गिट्टियों को हटाता श्रमिक।

HighLights

  1. भूतेश्वर अंडरपास पर मालगाड़ी से अचानक गिरीं भारी गिट्टियां।

  2. रेलवे की लापरवाही से बड़ा हादसा टला, कोई घायल नहीं।

  3. सड़क पर गिट्टियां फैलने से यातायात बाधित, जाम की स्थिति।

जागरण संवाददाता, मथुरा। भूतेश्वर अंडरपास पर मंगलवार दोपहर रेलवे की चौथी लाइन पर काम के दौरान बड़ा हादसा होते बच गया। नए ट्रैक पर मालगाड़ी से गिट्टियां डालने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक डिब्बे से बड़ी मात्रा में गिट्टियां नीचे सड़क पर गिर पड़ीं। व्यस्त मार्ग पर गिट्टियां गिरने से राहगीरों में दहशत फैल गई।

शुक्र है कि इसकी चपेट में आकर कोई राहगीर घायल नहीं हुआ। घटना के चलते यातायात प्रभावित हो गया और जाम की स्थिति बन गई।

भूतेश्वर अंडरपास पर रेलवे की लापरवाही, बड़ा हादसा टला

श्रीकृष्ण जन्मस्थान और वृंदावन जाने के लिए शहर के भूतेश्वर तिराहा स्थित रेलवे के अंडरपास से होकर निकलना पड़ता है।इससे इस मार्ग पर दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। रेलवे की ओर से कुछ दिनों पूर्व चौथी रेल लाइन डालने का कार्य किया गया है। मंगलवार दोपहर ढाई बजे रेलवे की चौथी लाइन के ट्रैक पर मालगाड़ी से गिट्टियां डाली जा रही थीं।

इसी दौरान अंडरपास में मालगाड़ी के एक डिब्बे से अचानक बड़ी मात्रा में गिट्टियां नीचे सड़क पर आ गिरीं। इससे कई राहगीर घायल व वाहन क्षतिग्रस्त होने से बच गए। ट्रैक से गिट्टियां गिरता देख राहगीरों में दहशत फैल गई।

यातायात पुलिस ने संभाली स्थिति

लोग जहां के तहां रुक गए। इससे श्रीकृष्ण जन्मस्थान मार्ग पर जाम लग गया। कोई राहगीर या दोपहिया वाहन चालक गिट्टियों की चपेट में आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। सड़क पर गिट्टियां फैलने के कारण यातायात व्यवस्था बिगड़ गई और वाहनों की कतार लगने लगी। स्थिति को देखते हुए यातायात प्रभारी शौर्य कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने वाहनों को निकलवाने का प्रयास किया। 

यह भी पढ़ें- आगरा : घर में बेहोशी की हालत में मिला परिवार, दो बच्चों की मौत, रात को सब्जी-चावल खाने के बाद सोकर नहीं उठी फैमिली

यह भी पढ़ें- UP MLC चुनाव में भाजपा की टेंशन बढ़ी, गोरखपुर से आगरा तक सीएम योगी ने संभाली कमान

सड़क पर फैले गिट्टियों के ढेर को हटवाया

सड़क पर गिट्टियों का ढेर जमा होने से आवागमन बाधित रहा। बाद में रेलवे की ओर से सड़क पर गिरी गिट्टियों को हटवाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। यातायात प्रभारी ने बताया कि रेलवे की ओर से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। गिट्टियां गिरने से बड़ा हादसा टल गया है। रेलवे के पीआरओ संजय कुमार गौतम ने कहा कि सभी को निर्देश दिए हैं कि जो भी कार्य करें सावधानीपूर्वक करें।

आधे घंटे में जाम से जूझे लोग

गिट्टियां गिरने व सड़क पर ढेर लगने से आधे घंटे तक भूतेश्वर अंडरपास मार्ग पर जाम लग गया। देखते ही देखते श्रीकृष्ण जन्मस्थान गेट तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात पुलिस ने लोगों को सुरक्षित अंडरपास पार कराकर यातायात सुचारू कराया।