मथुरा प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड: मुख्य आरोपी भाजयुमो पूर्व मंडल अध्यक्ष मुठभेड़ में घायल, ऑडियो में कहा था- 4-5 मर्डर और होने हैं
मथुरा में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मुख्य आरोपी, भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष विशाल उर्फ विकास को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया है।

Mathura News:
HighLights
प्रॉपर्टी डीलर हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
भाजयुमो पूर्व मंडल अध्यक्ष मुठभेड़ में घायल।
पुलिस ने तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की।
जागरण संवाददाता, मथुरा। Mathura News: गांव महोली में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने वाले मुख्य आरोपित भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष को एसओजी और हाईवे पुलिस ने रविवार रात सवा 11 बजे राधिका सिटी के पास मुठभेड़ में दबोचा है। दाहिने पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस और बाइक बरामद हुई है। वारदात के बाद ऑडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस की सतर्कता से आरोपित पकड़ा गया।
हत्याकांड में पुलिस दो आरोपितों को मुठभेड़ में और पनाह देने वाले एक आरोपित को पूर्व में जेल भेज चुकी है।इस प्रकरण में अभी छह आरोपित फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हैं
नकऐडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने दिखाई सतर्कता
शहर के महोली निवासी प्रॉपर्टी डीलर 42 वर्षीय रोहतान उर्फ रोहताश की बुधवार रात 9.30 बजे शराब के लिए रुपये न देने पर नामजद आरोपितों ने कार शोरूम के समीप गोली मारकर हत्या कर दी। पिता श्याम सिंह ने गांव के ही भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष विशाल उर्फ विकास, मेघश्याम, डालचंद्र, मुकेश, धर्मेंद्र, राजकुमार, मनोज आदि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुरुवार रात साढ़े 10 बजे सलेमपुर मार्ग से मुठभेड़ में मनोज एवं फर्रुखाबाद के अमृतपुर निवासी कंचन को गिरफ्तार कर लिया। दाहिने पैर में गोली लगने से मनोज घायल हुआ है।
चेकिंग के दौरान राधिका सिटी के पास से दबोचा
वहीं वारदात के बाद आरोपित मुकेश, मेघश्याम, मनोज और कंचन को गोवर्धन क्षेत्र के जतीपुरा में पप्पू सिंह ने अपने यहां ठहराया था। पुलिस ने शनिवार को मुड़ैसी गांव के पास से उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान गांव महोली में आरोपित मेघश्याम का एक ऑडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ। इसमें उसने कहा था कि अब यह तो शुरुआत है। अभी चार-पांच मर्डर और होने हैं।
गांव के चौराहे पर अब दिखाएंगे गुंडई क्या होती है। डेढ़ मिनट की कॉल को हाईवे थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने गंभीरता से लिया और रात में पुलिस की गश्त बढ़ा दी।
एसपी सिटी ने कही ये बात
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया रविवार रात गांव महोली व महोली की ओर आने जाने वाले रास्तों पर पुलिस की विभिन्न टीम सतर्कता बरतते हुए गश्त कर रही थी। रात सवा 11 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपित पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। मुठभेड में आरोपित विकास उर्फ विशाल निवासी गांव महोली को गिरफ्तार कर लिया। दाहिने पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।