बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के नए नियम, फूलमाला और प्रसाद उछालने पर रोक
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में अब दर्शन के दौरान फूलमाला, मिठाई और प्रसाद उछालकर चढ़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया ...और पढ़ें

उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने सूचना बोर्ड लगाकर प्रतिबंध लगाया।
HighLights
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में फूलमाला, प्रसाद उछालने पर प्रतिबंध
प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए सूचना बोर्ड लगाए
नियम उल्लंघन करने वालों को तत्काल रोकने के निर्देश
संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी के दरबार में श्रद्धा के फूल अर्पित करने की परंपरा अब नए अनुशासन के दायरे में होगी। मंदिर में दर्शन के दौरान ठाकुरजी की ओर फूलमाला, मिठाई, पेड़ा और अन्य प्रसाद उछालकर चढ़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने सोमवार को जगमोहन के ऊपर सूचना बोर्ड लगाकर श्रद्धालुओं को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए। प्रबंधन से नियम का उल्लंघन करने वाले श्रद्धालुओं को तत्काल रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मंदिर प्रबंधन से कहा, ऐसा करने वालों को सख्ती से रोकें
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अधिक भीड़ के कारण कई श्रद्धालु फूलमाला और प्रसाद ठाकुरजी की ओर उछालकर अर्पित करते रहे हैं। इस दौरान मालाएं और प्रसाद नीचे गिर जाते हैं। इनमें तुलसी की मालाएं भी शामिल होती हैं, जिन्हें श्रद्धालु विशेष श्रद्धाभाव से अर्पित करते हैं। ठाकुरजी को अर्पित की जाने वाली सामग्री का पैरों में गिरना धार्मिक भावनाओं के लिहाज से भी उचित नहीं माना जा रहा था।
दो महीने पहले सेवायतों से इस व्यवस्था को रोकने में सहयोग मांगा था
मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने करीब दो महीने पहले सेवायतों से इस व्यवस्था को रोकने में सहयोग मांगा था। श्रद्धालुओं को फूलमाला और प्रसाद उछालकर अर्पित करने से रोकने की अपील की गई, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। इसके बाद समिति ने सोमवार को सूचना बोर्ड लगाकर इस पर प्रतिबंध की घोषणा कर दी।
यह भी पढ़ें- बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालु और सुरक्षागार्डों के बीच हुई मारपीट, कानपुर के भक्तों को पीटा गया
बोर्ड पर किया स्पष्ट
बोर्ड पर स्पष्ट किया गया है कि मिठाई, पेड़ा और अन्य सामग्री फेंककर ठाकुरजी को अर्पित करना पूर्णतः निषिद्ध और दंडनीय है। मंदिर प्रबंधन और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई श्रद्धालु ऐसा करता दिखाई दे तो उसे तत्काल रोका जाए।
