मथुरा: शादी वाले दिन ससुर की गला रेतकर हत्या, बेटा बोला- जीजा ने कहा था घर में बहेगा खून
परिजनों ने दामाद सुखवीर पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसने कथित तौर पर शादी के दिन खून बहने की धमकी दी थी, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
गोवर्धन में शादी समारोह के पास ससुर का शव मिला।
मृतक के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं।
दामाद पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। गोवर्धन क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान उस समय सनसनी फैल गई, जब कार्यक्रम स्थल के पास एक खाली प्लाट में बुजुर्ग ससुर का शव पड़ा मिला। मृतक के गले पर चोट के निशान पाए गए। स्वजन ने मृतक के दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात गोवर्धन क्षेत्र में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि शादी में आए परिवार के बुजुर्ग ओम प्रकाश मृत अवस्था में मिले हैं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शादी स्थल के समीप जनमासा और उसके बीच खेत से होकर जाने वाले रास्ते के पास खाली प्लाट में शव मिला।
गले पर मिले चोट के निशान
शव के गले पर चोट के निशान थे। स्वजन ने पुलिस को बताया कि मृतक के दामाद सुखवीर पर उन्हें शक है। आरोप है कि उसने पहले धमकी दी थी कि शादी वाले दिन उनके घर में खून बहेगा। मृतक के बेटे ने पुलिस को यह भी बताया कि बस से आते समय रास्ते में उसने अपने जीजा को देखा था। मृतक के बेटे की के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने सुखवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस की टीम रवाना
प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच के साथ घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।