'अखिलेश भी आएं तो संग करेंगे कारसेवा, कृष्ण जन्मभूमि पर बनेगा भव्य मंदिर', डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य का सपा प्रमुख पर पलटवार
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनेगा, चाहे न्याय प्रक्रिया से या आपसी ...और पढ़ें
HighLights
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया डिप्टी सीएम ने।
अखिलेश यादव को कृष्ण जन्मभूमि कारसेवा में शामिल होने का न्योता।
सपा पर दलितों के अपमान और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप।
जागरण संवाददाता, फरह (मथुरा)। परखम अनुसन्धान केंद्र में दो दिवसीय चिंतन शिवर में पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी, अपराध और माफिया को खत्म करना और विकसित भारत के संकल्प पर विकसित उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाना ही सरकार का लक्ष्य है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस बार के चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। जैसे अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है, वैसे ही भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर बनेगा। चाहे न्याय प्रक्रिया से, चाहे आपसी बातचीत से। उन्होंने कहा कि अगर श्री अखिलेश यादव हमारे साथ कारसेवा करने के लिए आना चाहेंगे, तो उनके साथ मिलकर भी भगवान कृष्ण का मंदिर बनाएंगे।
दलित सम्मेलन में रामगोपाल के बयान पर भड़के
दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार बनने जा रही है और तमाम दलित हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि दलित सम्मेलन में प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने दलितों को मूर्ख कहा है, इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव इसके लिए माफी मांगें। यह दलितों का अपमान है, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दलितों का महासम्मेलन और दलितों को गाली, इसीलिए मैं कहता हूं समाजवादी पार्टी न पिछड़ों की समर्थक है, न दलितों की, न गरीबों और महिलाओं की समर्थक है। यह केवल परिवार और गुंडों-अपराधियों की समर्थक है।
लैपटॉप वाले बयान पर पलटवार
अखिलेश यादव के 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' वाले बयान पर मौर्य ने कहा कि लैपटॉप की बात अखिलेश यादव न करें। वो कट्टे और बम की बात करें, गुंडे-अपराधी, माफिया-दंगाई की बात करें। उनके मुंह से ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं। उन्होंने कहा कि उनका शासन 2012 से 2017 तक यूपी की जनता ने देखा है। जनता को न गुंडाराज चाहिए, न भ्रष्टाचार चाहिए, न अत्याचार चाहिए, न दंगा चाहिए। यहां विकास चाहिए, गरीब कल्याण चाहिए, सबका विकास चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।