विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जो खत्म करना चाहते हैं संविधान, PDA के लोग उन्हें खत्म कर देंगे', दलित सम्मेलन में अखिलेश ने दिया यूपी चुनाव जीत का फार्मूला

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:53 AM (IST)

आगरा में दलित महासम्मेलन में अखिलेश यादव ने संविधान पर संकट का मुद्दा उठाया, भाजपा को दलित विरोधी बताया। उन्होंने ...और पढ़ें

आगरा में दलित सम्मेलन में अखिलेश यादव।

आगरा में दलित सम्मेलन में अखिलेश यादव।

HighLights

  1. अखिलेश यादव ने आगरा में दलित महासम्मेलन को संबोधित किया

  2. संविधान पर संकट बताकर भाजपा को दलित विरोधी बताया

  3. पीडीए संविधान खत्म करने वालों को खत्म कर देगा

यशपाल चौहान, आगरा। संविधान पर संकट के सहारे लोकसभा चुनाव में बसपा के दलित वोट बैंक में सेंध लगाने वाली सपा अब विधान सभा चुनाव में भी यही दाव खेलने जा रही है। दलितों का गढ़ माने जाने वाले आगरा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित महासम्मेलन के मंच से रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह मंत्र एक बार फिर जपा।

अखिलेश ने भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश मनु विधान से नहीं संविधान से चलेगा। जो संविधान खत्म करना चाहते हैं, उन्हें पीडीए के लोग खत्म कर देंगे।

दलित महासम्मेलन में पुरानी वर्ण व्यवस्था को याद दिलाते हुए पढ़ाया एकजुटता का पाठ

सपा प्रमुख ने कहा कि संविधान है तो सम्मान है। हक है और आरक्षण है। नहीं तो पांच हजार साल पुरानी व्यवस्था होगी। जिन लोगों ने उस व्यवस्था में जीवन जिया था और भेद भाव झेला था, वही दर्द समझ सकते हैं। जो लोग बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वे हमदर्दी तो रख सकते हैं। मगर, अपमान महसूस नहीं कर सकते। उन लोगों का घर गंगाजल से नहीं धुला होगा। जहां दर्द है वहीं पीडीए है।

यूपी में सबसे अधिक दलितों पर अन्याय

अखिलेश ने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि दलितों पर सबसे अधिक अन्याय उत्तर प्रदेश में हुआ है। अब तक 200 प्रतिमा तोड़ी जा चुकी हैं। उन्होंने इसे संविधान पर हमला करार देते हुए कहा कि प्रतिमा ही नहीं सबसे पहले तो संविधान वाले हाथ को तोड़ा जा रहा है। यह सीधे-सीधे संविधान पर हमला है। सपा प्रमुख के 42 मिनट के संबोधन में अधिक समय दलित उत्पीड़न और संविधान पर ही फोकस रहा। इसके सहारे उन्होंने संदेश तो दिया ही कई बार कहा भी कि सपा ही उनकी हितैषी है।

भाजपा में भी उनकी जाति के लोग होंगे, लेकिन वे उनके हक और हितों की रक्षा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यह संदेश देने की काेशिश की कि भाजपा की सरकार संविधान को खत्म कर देगी और इसके बाद दलितों को सम्मान भी नहीं मिलेगा।

यह भी पढ़ें- 'डबल इंजन वालों की काशी में हुई डबल हार', आगरा में दलित महासम्मेलन में अखिलेश यादव ने भरी हुंकार

यह भी पढ़ें- आगरा में सपा का दलित महासम्मेलन: बाबा बाल योगी सपा में हुए शामिल, भाजपा पर बरसे सपाई

नए फार्मूले से लाभ की उम्मीद

वर्ष 2017 और 2022 के चुनाव में आगरा में सपा का सफाया हुआ था। लोकसभा चुनाव से पहले सपा ने संविधान को खतरे का दाव खेला। इसके बाद आगरा लोकसभा सीट पर सपा प्रत्याशी सुरेश चंद्र कर्दम दूसरे स्थान पर रहे। जबकि बसपा प्रत्याशी पूजा अमरोही तीसरे स्थान पर रही थीं। जबकि इससे पहले हुए लोक सभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे थे।

सपा का मानना है कि संविधान के दाव से बसपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगाने में उन्हें सफलता मिली थी। इसी को देखते हुए इस बार फिर यही दाव खेला है। आगरा में 30 प्रतिशत से अधिक दलित वोट माना जाता है। इसमें से आठ प्रतिशत से अधिक वोट अकेले जाटव समाज का है। सपा यादव और मुस्लिम के साथ ही बसपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की उम्मीद कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।