लखनऊ से दिल्ली जा रही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई, एक यात्री की मौत और 8 घायल
यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक बस और कंटेनर की टक्कर में दिल्ली निवासी एक महिला यात्री की मौत हो ...और पढ़ें

यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसाग्रस्त बस।
HighLights
यमुना एक्सप्रेसवे पर बस-कंटेनर की टक्कर में हादसा
एक महिला यात्री की मृत्यु, आठ लोग घायल हुए
चालक को झपकी आने से हुआ यह सड़क हादसा
जागरण संवाददाता, मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में महिला यात्री की मृत्यु हो गई, जबकि बस चालक, परिचालक समेत आठ यात्री घायल हो गए। हादसा थाना सुरीर क्षेत्र में माइलस्टोन 77.250 पर आगरा से नोएडा की ओर जाने वाली लेन में हुआ।
लखनऊ से दिल्ली जा रही बस के चालक को झपकी आने के कारण बस आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से टकरा गई। सोमवार सुबह 5:35 बजे कंट्रोल रूम से दुर्घटना की सूचना मिलने पर थाना सुरीर पुलिस मौके पर पहुंची।
हादसे में घायल बस चालक, परिचालक और यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा भिजवाया गया है।

हादसा के बाद बस।
एक महिला की मौत
दुर्घटना में घायल महिला किरन निवासी दिल्ली को नौहझील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवा दिया गया और शेष यात्रियों को सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया है मृतक महिला के स्वजन को सूचना दी गई है।
