मथुरा की प्रसिद्ध लस्सी: ब्रज के मलाईदार स्वाद और सौंधी महक के साथ सेहत का भी खजाना
ब्रज की लस्सी अपनी गाढ़ी मलाईदार बनावट, हल्की मिठास और गुलाबजल-केवड़ा की खुशबू के लिए प्रसिद्ध है, जो मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी जाती है।

मथुरा की प्रसिद्ध लस्सी। फोटो सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
ब्रज की लस्सी अपनी गाढ़ी मलाईदार बनावट के लिए प्रसिद्ध।
मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी जाती है, स्वाद में लाजवाब।
कैल्शियम, प्रोटीन और प्रोबायोटिक्स से भरपूर, सेहतमंद और ठंडक देती।
जागरण संवाददाता, मथुरा। ब्रज की पहचान यहां के पेड़े और दूध-मक्खन के साथ ही गाढ़ी और मलाईदार लस्सी से भी है। मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी जाने वाली ब्रज की लस्सी का स्वाद ऐसा है कि इसका आनंद लेने वाले बार-बार यहां खिंचे चले आते हैं। गर्मी हो या सर्दी, लस्सी के शौकीनों की यहां कमी नहीं है। ऊपर से जमी मलाई, हल्की मिठास, गुलाबजल, केवड़ा और इलायची की खुशबू इसके स्वाद को खास बना देती है।
ब्रज की पारंपरिक लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले ताजे दही को अच्छी तरह मथा जाता है। इसमें स्वादानुसार मिश्री या चीनी और जरूरत के मुताबिक ठंडा पानी या दूध मिलाया जाता है। इसके बाद इसे तब तक फेंटा जाता है, जब तक लस्सी झागदार और एकसार न हो जाए। गाढ़ापन बनाए रखने के लिए पानी कम रखा जाता है। फिर इसे कुल्हड़ में डालकर ऊपर से ताजी मलाई, बारीक कटे मेवे और इलायची पाउडर से सजाया जाता है। खुशबू के लिए इसमें गुलाबजल व केवड़ा भी मिलाया जाता है।
लस्सी केवल स्वाद ही नहीं, सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है। दही से तैयार होने के कारण इसमें कैल्शियम, प्रोटीन और पाचन में मददगार प्रोबायोटिक बैक्टीरिया पाए जाते हैं। यह शरीर को ठंडक पहुंचाने और गर्मी में तरल पदार्थों की पूर्ति करने में मदद करती है। हालांकि अधिक चीनी वाली लस्सी से परहेज करना चाहिए। संतुलित मात्रा में इसका सेवन शरीर को ताजगी देने के साथ स्वाद का भी भरपूर आनंद देता है।