अयोध्या-काशी के बाद मथुरा पर भाजपा की नजर, 2027 विधानसभा चुनाव के लिए नारों में उतरा हिंदुत्व एजेंडा
भाजपा अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जहां 2027 विधानसभा चुनाव के लिए नए सियासी नारे गढ़े गए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भाजपा का मथुरा पर केंद्रित 2027 चुनाव अभियान।
'राधे-राधे, कमल खिला दे' जैसे नए सियासी नारे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मुद्दा और हिंदुत्व एजेंडा प्रमुख।
विनीत मिश्र, मथुरा। काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा...। भाजपा ने कान्हा की नगरी से ऐसे नारों की सियासी पटकथा तैयार की है, जिसमें भक्ति के संबोधन के साथ चुनाव चिह्न और हिंदुत्व का राजनीतिक संदेश भी शामिल है। 'राधे-राधे, कमल खिला दे', 'अबकी बारी बांके बिहारी' और 'जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं'...।
ये महज नारे नहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राजनीतिक विमर्श की नई दिशा के संकेत हैं। पार्टी की कोशिश ब्रज की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को प्रदेशव्यापी राजनीतिक अभियान से जोड़ने की है। इसके केंद्र में श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा है।
भाजपा की मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में 16 व 17 नवंबर को हुई दो दिवसीय योजना बैठक से निकले नारों ने प्रदेश की सियासत में नए विमर्श को जन्म दे दिया है। 'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारे को गढ़ने वाले भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य प्रकाश पाल हैं।
उन्होंने योजना बैठक से एक सप्ताह पहले मथुरा आगमन पर भी इस नारे को बुलंद किया था। तब उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने दो और नारे दिए- 'अबकी बारी बांके बिहारी' और 'जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं'। उन्होंने बताया कि योजना बैठक में राधे-राधे कमल खिला दे ..नारे को उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखा तो उसे स्वीकार किया गया।
दरअसल, 'राधे-राधे' ब्रज की पहचान और जनमानस की आस्था से जुड़ा संबोधन है, जबकि कमल भाजपा का चुनाव चिह्न है। दोनों को जोड़कर पार्टी धार्मिक भावनाओं और राजनीतिक संदेश को एक सूत्र में पिरोना चाहती है। वहीं 'अबकी बारी बांके बिहारी' का नारा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुद्दे को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में लाने का संकेत देता है।
तीसरे नारे के जरिए भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे पर विपक्ष को घेरने की रणनीति बनाती दिखाई दे रही है। इसके राजनीतिक मायने यह भी हैं कि विपक्षी दलों को धार्मिक आस्था और श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की चुनौती दी जाए।
भाजपा की रणनीति का एक दूसरा पहलू भी है। समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण के मुकाबले पार्टी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ अपने सामाजिक आधार को मजबूत करना चाहती है।
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी नीति-2026 को कैबिनेट की मंजूरी, किसानों और युवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।