उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी नीति-2026 को कैबिनेट की मंजूरी, किसानों और युवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने राज्य सहकारी नीति-2026 को मंजूरी दी है, जिसका उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक और पारदर्शी बनाना है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सहकारी नीति-2026 को कैबिनेट ने दी मंजूरी।
किसानों और युवाओं को मिलेगा बड़ा आर्थिक लाभ।
सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता और रोजगार सृजन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी नीति-2026 को स्वीकृति दे दी है। राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 के अनुरूप तैयार की गई इस नीति के माध्यम से सहकारी समितियों को आर्थिक विकास और रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बनाया जाएगा।
इसमें सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रमुख आधार बनाया गया है। सहकारी समितियों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को भंडारण से लेकर विपणन तक की सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस नीति को स्वीकृति मिल गई है। नीति के तहत सहकारी संस्थाओं में समयबद्ध लेखा परीक्षण, प्रभावी निगरानी और उत्तरदायित्व निर्धारण की व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
होगी ये व्यवस्था
महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के साथ किसानों, भूमिहीन श्रमिकों, महिला समूहों और वंचित वर्गों के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन्हें सस्ती दरों पर कर्ज, विपणन सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को कर्ज, खाद और बीज उपलब्ध कराने के साथ कृषि उपज के भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की सुविधाएं भी दी जाएंगी। वहीं, सहकारी उपभोक्ता समितियों के जरिये सस्ता राशन और दैनिक उपयोग की वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध कराने पर जोर होगा।
बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से मत्स्य पालन, दुग्ध व्यवसाय, खाद्य एवं कृषि उपज प्रसंस्करण, मधुमक्खी पालन, पशुपालन, कुक्कुट पालन और पशु आहार जैसे व्यवसायों को बढ़ावा दिया जाएगा। महिलाओं के लिए कुटीर एवं हथकरघा उद्योग, घरेलू उत्पाद निर्माण, हस्तशिल्प और सिलाई-कढ़ाई के जरिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- यूपी के 25 सड़क प्रोजेक्टों को मिली मंजूरी, अब प्रदेश के बाईपास और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच होगी आसान
नीति में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित प्रणाली और ई-गवर्नेंस को अपनाकर सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, दक्ष और समयबद्ध बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।