यूपी के 25 सड़क प्रोजेक्टों को मिली मंजूरी, अब प्रदेश के बाईपास और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच होगी आसान
उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में 25 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें बाईपास ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 25 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी।
बाईपास, चौड़ीकरण से औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच सुगम होगी।
बांदा, रामपुर, कानपुर, गोरखपुर में प्रमुख निर्माण कार्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में सड़कें बनाने और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान करने के लिए सरकार ने 25 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई लोक निर्माण विभाग की उच्च स्तरीय समिति की बैठक में सड़क निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।
इनमें बाईपास बनाने, सड़कों को चौड़ा करने और उनकी हालत सुधारने के साथ औद्योगिक इकाइयों और लाजिस्टिक्स केंद्रों तक पहुंच मार्ग बनाने के काम शामिल हैं। बैठक में पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) के मानकों में छूट देने के 25 प्रस्ताव मंजूर किए गए।
इनमें आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का एक और लोक निर्माण विभाग के 24 प्रस्ताव शामिल हैं। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम तय समय में पूरे किए जाएं। निर्माण की गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो और परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए।
बांदा में 10.20 किलोमीटर लंबा चार लेन बाईपास 93.92 करोड़ रुपये से बनेगा। रामपुर के टांडा क्षेत्र में 6.50 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाने पर 66.10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कानपुर में गंगा बैराज की ओर जाने के लिए अटल घाट के पीछे से नया चार लेन मार्ग बनेगा और कंपनी बाग चौराहे तक सड़क चौड़ी की जाएगी।
गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक आठ लेन और उसके चारों ओर चार लेन की सड़क बनाई जाएगी। इस पर 103.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बुलंदशहर में न्यू खुर्जा जंक्शन तक 6.25 किलोमीटर सड़क बनाने और कन्नौज में पुराने जीटी रोड को 10.50 किलोमीटर तक चौड़ा करने का काम भी मंजूर हुआ है।
यह भी पढ़ें- जौहर ट्रस्ट मनी लॉन्ड्रिंग मामला: आजम खां के करीबी निसार अब्बास नकवी को ईडी ने दोबारा भेजा समन
मुख्य सचिव ने कहा कि इन परियोजनाओं से शहरों में जाम कम होगा और औद्योगिक क्षेत्रों तक माल की आवाजाही आसान होगी। इससे स्थानीय स्तर पर कारोबार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।