मथुरा से BJP का चुनावी शंखनाद: 2027 के रण में कृष्ण जन्मभूमि का कार्ड, बीजेपी साधेगी पश्चिमी यूपी का सियासी गणित
भाजपा ने मथुरा में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति का खुलासा किया है, जिसमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि का ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
भाजपा की 2027 चुनाव रणनीति में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रमुख मुद्दा।
मथुरा में दो दिवसीय बैठक में पश्चिमी यूपी पर मंथन।
केशव मौर्य ने सपा के पीडीए फार्मूले पर साधा निशाना।
जागरण संवाददाता, मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा ने कान्हा की नगरी से अपनी आगामी राजनीतिक रणनीति के कई संकेत दिए हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम के बाद अब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा पार्टी के राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से है।
परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में दो दिवसीय योजना बैठक का आयोजन और इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का श्रीकृष्ण जन्मभूमि को 2027 के चुनाव का महत्वपूर्ण विषय बताना इसी कड़ी में देखा जा रहा है। बैठक के स्थान से लेकर नेताओं के बयानों तक में ब्रज की धार्मिक पहचान के साथ चुनावी राजनीति के व्यापक संकेत भी छिपे हैं।
दो दिवसीय योजना बैठक के जरिये ब्रज से प्रदेशव्यापी राजनीतिक संदेश देने की कवायद
सोमवार को शुरू हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और सरकार के प्रमुख चेहरे शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने विभिन्न दौरों में अयोध्या और काशी के बाद मथुरा की बारी आने की बात कह चुके हैं। अब केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस मुद्दे को चुनावी विमर्श से जोड़ते हुए कहा कि 2027 में श्रीकृष्ण जन्मभूमि महत्वपूर्ण विषय रहेगा। उन्होंने मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की इच्छा जताई और इसके लिए न्यायिक प्रक्रिया अथवा आपसी बातचीत से रास्ता निकलने की बात कही।
पीडीए की काट, जातीय संतुलन और हिंदुत्व के एजेंडे पर एक साथ मंथन
मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को कारसेवा का न्योता देकर इस मुद्दे को विपक्ष के सामने भी राजनीतिक सवाल के रूप में रखा। उनके इस बयान को सपा को धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। मथुरा में बैठक का महत्व केवल ब्रज की धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी यह क्षेत्र महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
आगरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा और आसपास के जिलों तक ब्रज का सांस्कृतिक प्रभाव है। वहीं पश्चिमी यूपी के चुनावी समीकरणों में किसान, जाट, गुर्जर, दलित, पिछड़े और सवर्ण वर्गों की भूमिका अहम रहती है। ऐसे में मथुरा से चुनावी रणनीति पर मंथन का संदेश क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें- 'जिधर जवानी चलती है उधर जमाना चलता है' यूपी चुनाव में जेन-जी को BJP से जोड़ने का मास्टर प्लान!
पीडीए की चुनौती और सामाजिक संतुलन
बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फार्मूले की राजनीतिक काट तलाशना भी है। भाजपा के सामने अपने परंपरागत समर्थक वर्गों को एकजुट रखने के साथ पिछड़े और दलित वर्गों में अपनी स्वीकार्यता बनाए रखने की चुनौती है। बैठक में विभिन्न सामाजिक वर्गों के पदाधिकारियों की भागीदारी और जातीय समीकरणों पर चर्चा इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण है।
केशव मौर्य ने सपा पर निशाना साधते हुए रामगोपाल यादव की कथित टिप्पणी को लेकर माफी की मांग भी की। इसे दलित सम्मान के सवाल को राजनीतिक बहस में शामिल करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।