भाजपा मथुरा से फूंकेगी 2027 के चुनावी बिगुल की रणनीति, 'जीत ही हैट्रिक' का रोडमैप तैयार करने की मैराथन बैठक आज से
भाजपा मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक कर रही है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य वरिष्ठ नेता ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
भाजपा की मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक शुरू।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद।
यूपी विधानसभा चुनाव में तीसरी बार जीत की रणनीति।
जागरण संवाददाता, मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अपनी रणनीति को लेकर चिंतन बैठक कर रही है। सोमवार से परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में बैठक होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री समेत प्रदेश के कई मंत्री और संगठन के बड़े पदाधिकारी दो दिन मथुरा में रहेंगे। केंद्र परिसर में ही उनके रुकने की व्यवस्था की गई है। चिंतन बैठक को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
केंद्र परिसर में ही पांच हेलीपैड बनाए गए हैं। बैठक स्थल से पांच सौ मीटर पहले तक किसी को जाने की अनुमति नहीं दी गई है। सत्ता में वापसी के लिए भाजपा यहां चिंतन कर नया रोडमैप तैयार करेगी, कान्हा की नगरी से विधानसभा चुनाव को लेकर सामाजिक समीकरणों की नई विसात भी तैयार होगी।
बैठक में भाजपा की तीसरी बार सत्ता में वापसी का तैयार होगा रोडमैप
इस बैठक में 47 लोग शामिल रहेंगे। दोपहर एक बजे से केंद्र के अशोक सिंघल सभागार में बैठक होगी। सुबह दस बजे से ही लोगों का आवागमन शुरू हो जाएगा। सुबह साढ़े 11 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां पहुंचेंगे। इसके लिए केंद्र के अंदर ही पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के अलावा बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री, आधा दर्जन से अधिक कैबिनेट और राज्यमंत्रियों के अलावा कई सांसद और भाजपा के शीर्ष स्तर के पदाधिकारी भी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा मंत्रियों के सचिव भी यहां पहुंच रहे हैं।
केंद्र के भवनों के ही रुकेंगे रमुख्मंत्री और अन्य मंत्री, पदाधिकारी
ऐसे में संगठन और सरकार के शीर्ष लोगों की मौजूदगी से यहां पर हलचल तेज हो गई है। इन्हें चेहरा दिखाने के लिए आसपास के जिलों के टिकट के दावेदार भी पहुंच रहे हैं। दो दिनों तक कई सत्रों में बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में बूथ स्तर की कार्यशैली से लेकर पन्ना प्रमुख की कार्य प्रक्रिया पर भी चर्चा होनी है। सभी वरिष्ठ पदाधिकारी अपने अपने अनुभव भी साझा करेंगे। इसी के मुताबिक नई रूप रेखा तैयार की जाएगी।
कार्यकर्ताओं के अंदर चुनाव को लेकर कैसे जोश जगाना है, यह भी इस मंथन का अहम हिस्सा होगा। भाजपा से जुड़े वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि चुनाव जीतने का रास्ता इस बैठक में चिंतन से निकलेगा। इसके लिए ही दो दिन सभी लोग एकत्र होंगे।
नितिन नबीन 17 नवंबर की सुबह पहुंचेंगे
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 नवंबर की सुबह पहुंचेंगे, जबकि मुख्यमंत्री समेत सभी पदाधिकारी और मंत्री 16 को ही यहां पहुंच जाएंगे और दोनों दिन बैठक में रहेंगे। केंद्र के अंदर ही गौतम कुटी में मुख्यमंत्री समेत पांच लोगों के रुकने की व्यवस्था की गई है। बाकी अलग-अलग भवनों में रुकेंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने बताया कि बैठक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।