यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगा भारतीय कृषक दल: सूबे की सीटों पर उतरेंगे प्रत्याशी, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की घोषणा
भारतीय कृषक दल ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। पार्टी अध्यक्ष सरोज दीक्षित ने मथुरा ...और पढ़ें

विधानसभा चुनाव के बारे में जानकारी देते भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष।
HighLights
भारतीय कृषक दल विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारेगा।
सरोज दीक्षित ने मथुरा में सरकार पर साधा निशाना।
किसानों, मजदूरों, युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर।
जागरण संवाददाता, मथुरा। भारतीय कृषक दल आगामी विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारेगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित एडवोकेट ने शनिवार को मथुरा में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और किसानों, मजदूरों, युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।
विनायक होटल पैलेस में आयोजित बैठक में सरोज दीक्षित ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मथुरा में लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है और यमुना प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है। उन्होंने गोशालाओं को पर्याप्त संरक्षण नहीं मिलने, आलू किसानों की बदहाली और बाढ़ प्रभावित किसानों की समस्याओं को भी उठाया।
सरोज दीक्षित ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए और किसान क्रेडिट कार्ड से लिए गए कृषि ऋण माफ किए जाने चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मथुरा में सरकार पर साधा निशाना, किसानों की समस्याएं उठाईं
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और शिक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। भारतीय कृषक दल किसी नागरिक का शोषण और उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगा। पार्टी को अवसर मिला तो प्रत्येक नागरिक को निश्शुल्क शिक्षा, चिकित्सा और न्याय उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को रोजगार देने तथा किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के उत्थान के लिए नीतियां लागू की जाएंगी।
बोले- जनता तलाश रही है विकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित ने दावा किया कि जनता प्रदेश में नए राजनीतिक विकल्प की तलाश कर रही है। इससे पूर्व पार्टी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रमोद यादव, विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज प्रकाश सिंह चौहान, कोमल राजपूत, नंदकिशोर राजपूत, रामसूरत कुशवाहा, सुरेश राठौर मौजूद रहे।
