गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव में बढ़ा मतदान, अंतिम आंकड़ा हुआ 79.32 प्रतिशत
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का अंतिम आंकड़ा 79.32 प्रतिशत हो गया है, जो पहले घोषित 79.01 प्रतिशत ...और पढ़ें

मतदान की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
शिक्षक निर्वाचन में मतदान 79.32 प्रतिशत तक बढ़ा।
पिछले चुनाव से 5.38 प्रतिशत अधिक मतदान दर्ज।
बलरामपुर में सर्वाधिक 89.31 प्रतिशत मतदान हुआ।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान का अंतिम आंकड़ा सामने आने के बाद मत प्रतिशत बढ़ गया है। निर्वाचन कार्यालय ने पहले 79.01 प्रतिशत मतदान की जानकारी दी थी, लेकिन मतपेटिकाएं जमा होने के बाद पीठासीन अधिकारियों के फार्म-16 से मिलान किया गया तो वास्तविक मतदान 79.32 प्रतिशत निकला।
इस तरह पहले घोषित आंकड़े में 0.31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। निर्वाचन क्षेत्र के कुल 54,910 मतदाताओं में से 43,553 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी अंतिम आंकड़े के आधार पर मतगणना होगी।
मतदान समाप्त होने के बाद जुटाए गए प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार प्रतिशत निर्धारित किया गया था। इसके बाद शनिवार भोर में करीब चार बजे तक स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाएं जमा होने के दौरान अभिलेखों का मिलान किया गया। इसके बाद वास्तविक मतदान प्रतिशत स्पष्ट हुआ। अब सभी प्रत्याशी मतगणना की तैयारी में जुट गए हैं।
इस शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 17 जिलों के मतदाता शामिल हैं। पिछले चुनाव में 73.94 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदान प्रतिशत में करीब 5.38 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में विभिन्न सीटों पर हुए चुनावों के मुकाबले यहां सर्वाधिक मतदान हुआ है। हालांकि, पिछले चुनाव में वैध मतों की संख्या करीब 28 हजार रही थी।
बलरामपुर मतदान के मामले में सबसे आगे रहा। यहां 982 मतदाताओं में से 877 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 89.31 रहा। दूसरी ओर, मऊ में सबसे कम 74.06 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 5,131 मतदाताओं में से 3,800 ने मतदान किया।
सबसे अधिक मतदाताओं वाले आजमगढ़ जिले में 8,592 में से 6,387 शिक्षकों ने वोट डाले। यहां मतदान प्रतिशत 74.34 रहा। गोरखपुर में 7,289 मतदाताओं में से 5,601 ने मतदान किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 76.84 दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के सुमेर सागर में उतरा निगम का बैकहो लोडर, हटाया 10 डंपर मलबा
यह भी पढ़ें- UP PET Exam: गोरखपुर में 52 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, 3 दिनों में 1.39 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
