विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25 सितंबर तक निपटा लें बैंकिंग के काम, चार दिन बंद रहेंगे बैंक; ग्राहकों के मोबाइल नंबर पर आ रहे अलर्ट

Published: Thu, 24 Sep 2026 12:17 PM (IST)

सितंबर के अंतिम सप्ताह में मथुरा में बैंक सेवाएं चार दिन प्रभावित रहेंगी, जिसमें 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल शामिल है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 28 से 30 सितंबर 2026 तक बैंकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल।

  2. 26 सितंबर को चौथे शनिवार के कारण भी बैंक बंद रहेंगे।

  3. ग्राहकों को 25 सितंबर तक जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने की सलाह।

जागरण संवाददाता, मथुरा। बैंक कर्मचारियों के देशव्यापी हड़ताल के आह्वान से सितंबर के अंतिम सप्ताह में जिले में भी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

हालांकि, इससे पहले 26 सितंबर को बैंकों में अवकाश रहेगा, जिसके कारण कुल चार दिन बैंकिंग कार्य बाधित रहेंगे और करोड़ों रुपये का लेन-देन अटकेगा। हालांकि, 27 सितंबर को रविवार अवकाश होने के बावजूद बैंक खुले रहेंगे।

हड़ताल का असर मुख्य रूप से बैंक शाखाओं में होने वाले प्रत्यक्ष कामकाज पर पड़ सकता है। नकदी जमा-निकासी, चेक संबंधी काम, खाता संबंधी सेवाएं और अन्य शाखा आधारित कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके अलावा यूनियनों ने पीएलआई योजना और पेंशन सहित अन्य सेवा संबंधी मुद्दे भी उठाए हैं। सरकार का कहना है कि पीएलआई से जुड़ी एक प्रमुख मांग पर पहले ही कदम उठाया जा चुका है और बाकी मुद्दों पर बातचीत जारी है।

ग्राहकों के मोबाइल नंबर पर अलर्ट

इस बारे में बैंकें अपने स्तर से ग्राहकों के मोबाइल नंबरों पर अलर्ट भी भेज रही हैं। हड़ताल के दौरान मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, हालांकि कुछ सेवाओं में व्यवधान की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

बैंक ग्राहकों के लिए यह सप्ताह खास तौर पर महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि महीने के अंतिम दिनों में वेतन, कारोबार, चेक क्लियरेंस और अन्य वित्तीय लेनदेन का दबाव भी रहता है। इसलिए जरूरी शाखा संबंधी कार्य समय रहते निपटाना उपयोगी रहेगा।

इस बारे में यूएफबीओ के संयोजक जगमोहन ने बताया है कि अभी तक सरकार ने बैंक प्रतिनिधियों के साथ किसी प्रकार की बैठक नहीं की है। इस कारण हड़ताल की पूरी तैयारी है।

यह भी पढ़ें- 26 को चौथा शनिवार और 28 से 30 तक देशव्यापी हड़ताल, RBI के आदेश पर रविवार को खुलेंगे बैंक; निपटाएं जरूरी काम

यह भी पढ़ें- ECR: बैंक हड़ताल के चलते रेलकर्मियों को सितंबर का वेतन पहले, त्योहारों में होगी आसानी