अहोई अष्टमी महास्नान: राधाकुंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डीएम-एसएसपी ने परखी व्यवस्था
जिलाधिकारी और एसएसपी ने राधाकुंड में अहोई अष्टमी महास्नान की तैयारियों का जायजा लिया। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मेला क्षेत्र 4 सुपर जोन, 13 जोन, 31 सेक्टर में विभाजित
कुंडों पर मजबूत बैरिकेडिंग, गोताखोर, जल पुलिस रहेगी तैनात
यातायात, पार्किंग, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान
संवाद सूत्र, राधाकुंड (मथुरा)। संतान के वरदान की कामना लेकर राधाकुंड पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। अहोई अष्टमी के महास्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मेला क्षेत्र को चार सुपर जोन, 13 जोन और 31 सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
चार सुपर जोन, 13 जोन और 31 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
तहसील गोवर्धन के राधाकुंड में एक और दो नवंबर की मध्यरात्रि परंपरागत अहोई अष्टमी महास्नान होगा। संतान प्राप्ति की कामना और संतान की दीर्घायु के लिए नवविवाहित दंपति और महिलाएं रात में राधाकुंड में आस्था की डुबकी लगाएंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने कुंडों के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कराने, पर्याप्त गोताखोर तैनात करने और जल पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुंडों पर मजबूत बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और जल पुलिस रहेगी मुस्तैद
जिलाधिकारी ने कहा कि अहोई अष्टमी का राधाकुंड में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। कोई भी ड्यूटी मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित स्थल से अनुपस्थित न रहे। अधिकारी लगातार अपने क्षेत्र की निगरानी करें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
यह भी पढ़ें- यूपी के मथुरा का राधाकुंड: अहोई अष्टमी पर संतान सुख की कामना लिए डुबकी लगाते हैं निसंतान दंपती
यातायात, पार्किंग से लेकर स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था तक अलर्ट रहने के निर्देश
डीएम ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु रखने, भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों को बाधारहित रखने तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा, श्रद्धालुओं से करें शालीन व्यवहार
एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ पुलिसकर्मी शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करें। भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। अफवाहों और अव्यवस्था को रोकने के लिए इंटरनेट पर भी सतर्क निगरानी रखी जाए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्रीफिंग में एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम न्यायिक वेद प्रिय आर्य, एसडीएम गोवर्धन एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम, एसपी ग्रामीण आलोक राज नारायण, एसडीएम महावन प्राजक्ता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।