मथुरा पशु चिकित्सालय में PG डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश का मौका, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय, मथुरा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश ...और पढ़ें

मथुरा वेटेरिनरी विश्वविद्यालय का मुख्य प्रवेशद्वार। फोटो जागरण आर्काइव
HighLights
पंडित दीनदयाल विश्वविद्यालय में पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स प्रवेश।
आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, 2026-27 सत्र हेतु।
पशु कल्याण, वेटरनरी आयुर्वेद सहित कौशल-आधारित पाठ्यक्रम उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, मथुरा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए एक हजार रुपये आवेदन शुल्क देय होगा।
पशु कल्याण और वेटेरिनरी आयुर्वेद में 30-30 सीटें निर्धारित हैं। मुख्य रूप से पशु चिकित्सा स्नातक (बीवीएससी एंड एएच) की डिग्री प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
पशु कल्याण और वेटेरिनरी आयुर्वेद में पीजी डिप्लोमा
जनसंपर्क अधिकारी प्रो. देश दीपक सिंह ने बताया, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री की ओर से पशु कल्याण और वेटरनरी आयुर्वेद में पीजी डिप्लोमा संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा पशु चिकित्सा, डेयरी प्रबंधन और प्रयोगशाला तकनीकों से जुड़े पांच सर्टिफिकेट कोर्स भी उपलब्ध हैं।
पांच कौशल आधारित सर्टिफिकेट कोर्स भी होंगे संचालित
पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम एक वर्ष की अवधि के होंगे। इनमें पशु कल्याण और वेटरनरी आयुर्वेद, दोनों में 30-30 सीटें निर्धारित हैं। इन पाठ्यक्रमों में मुख्य रूप से पशु चिकित्सा स्नातक यानी बीवीएससी एंड एएच की डिग्री प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर है। इसमें ऑनलाइन माध्यम से सैद्धांतिक अध्ययन के साथ प्रत्येक सेमेस्टर के अंत में विश्वविद्यालय परिसर में 15 दिन का अनिवार्य संपर्क कक्षा एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। पीजी डिप्लोमा के लिए आवेदन शुल्क एक हजार रुपये निर्धारित है।
10 से 15 सीटें उपलब्ध हैं
वहीं, एक माह के पांच सर्टिफिकेट कोर्स में वेटेरिनरी डायग्नोस्टिक इमेजिंग, म्यूजियम के नमूनों की तैयारी एवं प्रबंधन, डेयरी पशु प्रबंधन, मूल्य संवर्धित दुग्ध उत्पादों का प्रसंस्करण और वेटेरिनरी लेबोरेटरी डायग्नोस्टिक तकनीक शामिल हैं। इनमें पाठ्यक्रम के अनुसार 10 से 15 सीटें उपलब्ध हैं। इनकी फीस सात हजार से 10 हजार रुपये तक निर्धारित की गई है। कुछ पाठ्यक्रमों में हाईस्कूल और कुछ में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जबकि वेटेरिनरी डायग्नोस्टिक इमेजिंग के लिए बीवीएससी एंड एएच की डिग्री अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें- मथुरा चीनी मिल आंदोलन में पूर्व सूबेदार और पत्नी पर धोखाधड़ी का आरोप, पूर्व सैनिकों ने दर्ज कराई FIR
सर्टिफिकेट कोर्स के लिए ऑनलाइन गूगल फार्म भरना होगा
पीजी डिप्लोमा के आवेदन ऑफलाइन माध्यम से रजिस्ट्रार कार्यालय में जमा करने होंगे, जबकि सर्टिफिकेट कोर्स के लिए ऑनलाइन गूगल फॉर्म भरना होगा। सर्टिफिकेट कोर्स में आवेदन शुल्क 500 रुपये है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट यूपीवीईटीयूएनआईवी डॉट ईडीयू डॉट इन पर जाकर प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
