विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी के आदेशों की मैनपुरी में अनदेखी: बरेली-इटावा राजमार्ग 34 पर बड़े-बड़े गड्ढे, राहगीर परेशान

Published: Sat, 19 Sep 2026 01:19 PM (IST)

इन गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा ...और पढ़ें

घिरोर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोधना के सामने सड़क पर हो रहे गड्ढे। जागरण

घिरोर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोधना के सामने सड़क पर हो रहे गड्ढे। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी के गड्ढा मुक्त सड़क आदेश की अनदेखी

  2. बरेली-इटावा राजमार्ग 34 सहित कई सड़कें गड्ढों से भरी

  3. गड्ढों के कारण लगातार हो रहे हादसे, लोग परेशान

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में आदेश जारी किया था लेकिन राज्य की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाए। हालांकि जनपद के अधिकारियों ने शायद इस आदेश को हल्के में लिया है। जिले की किसी भी मुख्य सड़क पर गुजर जाओ, आपको गड्ढे ही मिलेंगे। इतने गड्ढे हैं कि सड़क गायब ही हो गई है। इन गड्ढों के कारण आए दिन हादसे भी हाे रहे हैं लेकिन जिम्मेदारों को अपनी जिम्मेदारी का कोई एहसास नहीं है।

दृश्य एक: बरेली-इटावा राजमार्ग 34 पर बेवर के सामने बड़े-बड़े गड्ढे हो रहे हैं। इन गड्ढों में फंसने के कारण कई बार दोपहिया सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। ई रिक्शा व आटो भी यहां कई बार पलट चुके हैं। करीब तीन माह पूर्व यहां अचानक सामने आए गड्ढे के कारण जब एक कार सवार ने ब्रेक लगाए तो उसके पीछे से दो अन्य कारें भी इस कार से टकरा गई थीं।

दृश्य दो: नवीगंज से श्यामपुर-भटपुरा होते हुए लालपुर तक जाने वाले मार्ग की शुरुआत में ही सड़क की हालत खस्ता है। इतने गड्ढे हैं कि यहां से आसानी से गुजर नहीं सकते हैं। इनके कारण राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। यह मार्ग कन्नौज जनपद के विशुनगढ़ तक जुड़ता है। इस मार्ग को सही कराने के लिए कई बार ग्रामीणाें ने प्रयास किए लेकिन सफल नहीं हो सके।

दृश्य तीन: करहल से सिरसागंज मार्ग पर इतने बड़े गड्ढे हो रहे हैं कि सड़क ही गायब हो गई है। इन गड्ढों में जब बरसात का पानी भर जाता है तो यह दिखाई नहीं देते हैं और इससे वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं। दोपहिया वाहन सवार तो यहां आए दिन गिरकर चोटिल व घायल हो रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान नहीं है। जबकि यह मार्ग सिरसागंज होते हुए लखनऊ एक्सप्रेसवे को जोड़ता है।

यह भी पढ़ें- UP Roadways में कंडक्टर की भर्ती में बड़ा बदलाव, आउटसोर्स खत्म, अब सीधे लिए जाएंगे परिचालक

बड़े-बड़े गड्ढों के कारण सड़कें हुई गायब, सीएम योगी के आदेश भी हवा

जनपद की मुख्य सड़कों का बुरा हाल है। गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां अब इन मार्गों की पहचान बनते जा रहे हैं। इन गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हाे रहे हैं। गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं। इससे वाहन सवार घायल हो रहे हैं। संभवत: इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभी सात दिन पूर्व आदेश दिया था कि सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए।

यह भी पढ़ें- उफ ये इश्क... 70 की उम्र में 32 की गर्लफ्रेंड, 'दादाजी' की यंग फ्रेंड से दादी परेशान; ठोंक दिया पुलिस केस

इसके बाद भी स्थानीय अधिकारियों पर जूं नहीं रेंगी। आज भी स्थिति जस की तस है। सड़कों की मरम्मत तो छोड़िए, गड्ढों में गिट्टियां तक डलवाकर इन्हें भरवाया भी नहीं गया है।

सभी सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराए जाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। कई जगहों पर काम भी शुरू हो गया है। जहां मरम्मत से काम नहीं बनेगा, वहां सड़कों के नवनिर्माण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। कुछ सड़कों का पूर्व में बजट भी स्वीकृत हो चुका है। वहां शीघ्र ही काम शुरू कराया जाएगा।

-

डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बिलकुल सामने ही सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे हो रहे हैं। इससे कई बार यहां छोटे मोटे हादसे हुए हैं। इसकी कई बार शिकायत भी की गई है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।

-

करू शाक्य, गोधना

क्षेत्र में लगभग सभी सड़कों पर गड्ढे हो रहे हैं। चाहे किसी भी सड़क पर निकल जाओ। सीएचसी के सामने खराब हो रही सड़क के कारण यहां आने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ती है।

-

अवनीश कुमार, ढकराई

राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर दिन भर में सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। जो कि लंबी दूरी तय करते हैं। ऐसे में इस मार्ग को तो एकदम बेहतर होना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं है। अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

-

सुदेश चंद्र, बड़ाहार