दीपावली की रात खाई में बाइक गिरने से युवक की मौत: नाना के घर से लौटते समय मैनपुरी में हादसा, रातभर खंदी में पड़ा रहा मृतक
मैनपुरी में दीपावली की रात नाना के घर से लौट रहे 24 वर्षीय युवक विक्रम कुमार की बाइक अनियंत्रित होकर ...और पढ़ें

इंसेट में मृतक का फाइल फोटो।
HighLights
युवक विक्रम कुमार की दीपावली की रात बाइक दुर्घटना
बरनाहल क्षेत्र में नवाटेढ़ा मार्ग पर खाई में गिरी बाइक
रातभर खंदी में पड़े रहने के बाद सुबह हुई मृत्यु
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दीपावली पर रविवार की रात नाना के घर से गांव लौट रहे 24 वर्षीय युवक की बाइक अनियंत्रित होकर बरनाहल क्षेत्र में नवाटेढ़ा मार्ग पर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक रातभर खंदी में ही पड़ा रहा। सोमवार सुबह उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। त्योहार पर युवक की मृत्यु से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
करहल क्षेत्र के नगला सभा निवासी 24 वर्षीय विक्रम कुमार की ननिहाल बरनाहल के गांव निवहरा में है। दीपावली त्योहार पर वह रविवार की शाम ननिहाल में नाना सुरेश चंद्र से मिलने आए थे। जहां से रात 11 बजे वह गांव वापस लौट रहे थे।
जब बाइक नवाटेढ़ा मार्ग पर गांव शहीदाबाद के निकट पहुंची। तभी किसी तरह अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरी। देर रात जब वह घर नहीं पहुंची तो स्वजन विक्रम की तलाश करने लगे।

मृतक का फाइल फोटो।
सोमवार सुबह खाई में मिला युवक
सोमवार की सुबह सात बजे विक्रम खाई में पड़े मिले तो स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरनाहल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दीपावली के त्योहार पर हुए हादसे से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी पर भिजवाया है। बरनाहल इंस्पेक्टर अनिरुद्ध प्रताप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।