मैनपुरी में दिल दहला देने वाली घटना, जमीनी विवाद में बेटे ने माता-पिता को कार से कुचलकर मार डाला
मैनपुरी में जमीन और मकान के विवाद में एक बेटे ने अपने माता-पिता और बहन को कार से कुचल दिया। इस घटना में पिता की मौके पर और मां की अस्पताल में मौत हो गई।

अजीम खान और अख्तरी बेगम का फाइल फोटो
HighLights
बेटे ने जमीन विवाद में माता-पिता को कुचला।
पिता की मौके पर, मां की अस्पताल में मौत हुई।
बहन गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, मैनपुरी। भूमि और मकान के विवाद में पुत्र पर अपने ही माता-पिता और बहन को कार से कुचलने का आरोप लगा है। हादसे में पिता की मौके पर ही मृत्यु गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मां ने आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में दम तोड़ दिया। बहन का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दंपती के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए हैं। घटनास्थल पर मिली कार को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थाना क्षेत्र के गांव दिवनपुर साहिनी निवासी 50 वर्षीय अजीम खान का अपने बड़े पुत्र अरमान से दो बिस्वा भूमि और मकान को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि पुत्र, पिता के नाम दर्ज भूमि अपने नाम कराने का दबाव बनाकर आए दिन विवाद करता था। इसी को लेकर रविवार सुबह पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ तो दोनों पक्ष किशनी थाने शिकायत करने जा रहे थे।
दोपहर डेढ़ बजे अजीम 45 वर्षीय पत्नी अख्तरी बेगम और 16 वर्षीय पुत्री गुलफ्सा के साथ बाइक से जब गपकापुर चौराहे के निकट पहुंचे। तभी पीछे से आई ईको कार ने टक्कर मार दी। जिससे अजीम की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अख्तरी और गुलफ्सा घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई भिजवाया। जहां अख्तरी को भी मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गुलफ्सा का इलाज चल रहा है।
जानकारी पाकर स्वजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। अजीम के चचेरे भाई इशरार ने आरोप लगाया कि रविवार की सुबह पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। अजीम ने फोन कर पुलिस को बुला लिया, पुलिस के पहुंचते ही अरमान वहां से चला गया। पुलिसकर्मियों ने अजीम को थाने आकर शिकायत देने की बात कही थी। इसके बाद अजीम पत्नी और पुत्री के साथ बाइक द्वारा थाने पर जा रहे थे। तभी दोपहर डेढ़ बजे रास्ते में किसी का फोन आने के कारण वह वापस गांव लौटने लगे।
इस बीच दिवनपुर मार्ग से पहले गपकापुर चौराहे के निकट पीछे से आए पुत्र ने ईको कार से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सीओ भोगांव आरके द्विवेदी ने बताया कि स्वजन की ओर से पुत्र पर ही टक्कर मार हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि हादसे की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखकर घायल किशोरी के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना की वास्तविकता जानने के लिए गहनता जांच कर रही है।
कई बार मारी गई कार से टक्कर
टक्कर मारने के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही दंपती बाइक सहित सड़क पर और उनकी पुत्री उछलकर दूर जा गिरी।
आरोप है कि चालक ने कार पीछे कर-करके तीन बार दंपती को टक्कर मारी थी। मृतक अजीम का मैनपुरी और गुलफ्सा के शव का आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में पोस्टमार्टम हो रहा है।
मजदूरी और खेती करते थे अजीम
स्वजन के अनुसार अजीम के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री का निकाह करने के बाद करीब 14 माह पूर्व अरमान की भी शादी हो गई। वह दिल्ली में रहकर काम करता था और अजीम गांव में खेती और मजदूरी कर स्वजन का भरण पोषण करते थे। अरमान करीब एक साल से गांव में ही रहने के साथ कार चलाने लगा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।