विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजनीतिक प्रभुत्व की नई प्रयोगशाला बना मैनपुरी, सामाजिक समीकरणों में सेंधमारी से जीत की राह तलाशती भाजपा और सपा

By santosh shuklaEdited By: Sachin Sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 12:29 AM (IST)

सर्द मौसम से पहले मैनपुरी का राजनीतिक पारा चढ़ गया है, जहां सपा और भाजपा सामाजिक समीकरणों के जरिए जीत की राह तलाश रही हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव

सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव

HighLights

  1. सपा और भाजपा मैनपुरी में सामाजिक समीकरणों पर कर रहे फोकस।

  2. मुलायम सिंह यादव की विरासत वाली करहल सीट पर सबकी नजर।

  3. लाभार्थी योजनाओं और किसान मुद्दों पर जनता की मिली-जुली राय।

संतोष शुक्ल, मैनपुरी। सर्द मौसम से पहले मैनपुरी का राजनीतिक पारा चढ़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह की पहचान से जुड़ी मैनपुरी में इस बार चुनावी दंगल दिलचस्प मोड़ पर पहुंच रहा है। समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के लिए यह जिला सिर्फ जीत-हार की लड़ाई के लिए नहीं है, बल्कि यहां से देश भर में संदेश पहुंचाने की होड़ है।

पिछले विधान सभा चुनाव में मुकाबला दो-दो सीटों पर रोकने वाली भाजपा इस बार सीटों की संख्या बढ़ाकर जहां सपा का गढ़ ढहाने की व्यूहरचना कर रही, वहीं सपा ने भाजपा के सामाजिक समीकरण को ध्वस्त करने पर फोकस किया है। हालांकि, जिला किसी परिवार की विरासत से आगे निकलकर अपनी पहचान को विस्तार देना चाहता है।

वर्ष 2017 में भाजपा की प्रचंड लहर में भी सपा ने मैनपुरी की चार में से तीन सीटें जीत ली थीं, लेकिन 2022 के चुनाव में भाजपा ने यहां मुकाबला 2-2 पर ला दिया। करहल और किशनी सपा के गढ़ बने रहे लेकिन मैनपुरी सदर और भोगांव सीट पर भाजपा ने अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। यादव, शाक्य व लोध बाहुल्य जिले में असली जंग सामाजिक समीकरणों को लेकर होगी।

मैनपुरी में करहल सीट पर सबसे ज्यादा नजरें हैं। मुलायम सिंह यादव यहां के जैन इंटर कालेज में शिक्षक रहे। यहां की राजनीति ने उस समय मोड़ लिया, जब भाजपा के टिकट पर 2002 में विधायक चुने गए सोबरन सिंह यादव 2007 में सपा में आ गए। वह सपा के टिकट पर 2017 तक विधायक रहे लेकिन 2022 में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यहां से चुनाव लड़कर सीट की प्रोफाइल बढ़ा दी। उन्होंने सीट छोड़ी तो उप चुनाव में उनके भतीजे तेजप्रताप ने सीट जीत ली।

मैनपुरी की पंजाबी कॉलोनी निवासी समाजसेवी नरेन्द्र कालरा ने बताया कि ‘करहल सिर्फ सीट नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा को परिभाषित करने वाला क्षेत्र भी है, जहां आज भी मुलायम का परिवार विशिष्ट है।’ लेनगंज में किराना की दुकान चलाने वाले भगवान दयाल गुप्ता का दृष्टिकोण अलग है। वो कहते हैं कि ‘मैनपुरी राजनीतिक प्रभुत्व की प्रयोगशाला बन गया है, जहां पिछले चुनाव में भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन कर अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है।’

हालांकि, लाभार्थियों के बहाने चुनावी जमीन मजबूत करने निकली भाजपा के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। भोगांव विधान सभा क्षेत्र के गांव गणेशपुर के निवासी प्रवीण का कहना है कि ‘हमें अब तक न उज्ज्वला का लाभ मिला और न ही आयुष्मान योजना का। आज भी चूल्हे पर भोजन बनाना पड़ रहा है।’

मैनपुरी सदर विधान सभा के अंजनी गांव निवासी कन्हैयालाल प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए कहते हैं कि ‘उज्ज्वला और आयुष्मान योजना निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए वरदान हैं, लेकिन इसका अर्थ ये नहीं है कि 2024 लोकसभा चुनाव वाला नैरेटिव बदल गया है।’

करहल विधान सभा क्षेत्र में मुलायम सिंह की स्मृतियां अब भी लोगों के जेहन में बनी हुई हैं। बाजार में किराने का व्यवसाय करने वाले वीरभान सिंह कहते हैं कि ‘हमने कई सरकारों का बनना और हटना देख लिया, लेकिन मुलायम सिंह किसी के मन से नहीं हटाए जा सके। आज उनकी पार्टी भले ही मजबूती से लड़ रही, लेकिन वहां भी नेताजी जैसा होना आसान नहीं।’

अल्पसंख्यकों में प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की पूरी जागरूकता नजर आई। करहल की नजमा कहती हैं कि ‘पिछले दो साल से किसान निधि नियमित रूप से मिल रही थी, लेकिन केवाईसी कराने के बाद से धन मिलना बंद हो गया। कृषि विभाग के पास आधार कार्ड और कागज जमा कर दिया है।’

भोगांव के किसान तेजवीर सिंह यादव कहते हैं कि ‘इस बार यूरिया और डीएपी के संकट ने खेतीबाड़ी को नुकसान पहुंचाया है। सरकार से अपेक्षित मदद नहीं मिली जिसका असर चुनाव में अवश्य दिखेगा।’ हालांकि भाजपाई वोटों की संख्या बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं। 2022 में मैनपुरी सदर पर भाजपा के जयवीर सिंह सिर्फ 6766 वोटों से जीते, जबकि 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने यहां से 26 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाई। भोगांव में भी यही सूरत भाजपा का सिरदर्द बढ़ा रही है।

पिछले विधान सभा चुनाव में भाजपा के राम नरेश अग्निहोत्री सपा के आलोक कुमार शाक्य से सिर्फ 4767 वोटों से जीते। वहीं, सपा के बृजेश कठेरिया ने भाजपा के डॉ. प्रिया रंजन आशू दिवाकर को 19 हजार से ज्यादा मतों से हराया था। करहल में भी सपा प्रमुख अखिलेश ने 67 हजार जबकि बाद में तेज प्रताप ने 14 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी से डिंपल यादव ने साधा निशाना, राम मंदिर चंदा लूटने वाले... अब मथुरा वृंदावन में कर रहे लूट की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।