जिस बेटे के लिए छोड़ी फौज की नौकरी… उसी ने बुढ़ापे में तोड़ी जांघ, जमा पूंजी हड़पकर घर से निकाला
मैनपुरी में एक 80 वर्षीय वृद्ध को उनके बेटे और पोते ने कथित तौर पर प्रताड़ित किया, उनकी जमा पूंजी हड़प ली और घर भी पोते के नाम करा दिया।

अस्पताल में जांघ की टूटी हड्डी का इलाज कराते बुजुर्ग वीरेंद्र सिंह। जागरण
HighLights
80 वर्षीय वृद्ध को बेटे-पोते ने किया प्रताड़ित, तोड़ी जांघ की हड्डी।
जमा पूंजी हड़पी, घर पोते के नाम कराया, कमरे में किया बंद।
बेटी-नाती ने नोएडा ले जाकर कराया इलाज, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी/ नोएडा। जिस इकलौते बेटे के जन्म पर मिठाई बांटकर 80 वर्षीय वृद्ध ने उसे बुढ़ापे की लाठी बनाने के सपने देखे थे। वही बेटा आज उनके लिए यातना का कारण बन गया।
बेटे की परवरिश के लिए फौज और अमीन की नौकरी तक छोड़ने वाले बुजुर्ग की जमा पूंजी खत्म कराने के बाद कथित तौर पर घर भी पोते के नाम करा दिया गया।
पिछले दिनों उनकी जांघ की हड्डी तोड़कर कमरे में बंद कर दिया गया। छह सितंबर को बेटी और नाती पहुंचे तो बिना पंखे के कमरे में दर्द से कराहते बुजुर्ग को देखकर उनके होश उड़ गए। अस्पताल में जांच के बाद जांघ की हड्डी टूटी होने की पुष्टि हुई। हालत गंभीर देख अगले दिन उन्हें नोएडा ले जाकर उपचार कराया जा रहा है।
यह है पूरा मामला
कोतवाली क्षेत्र के गांव खरपरी निवासी 80 वर्षीय वीरेंद्र सिंह ने पत्नी की मृत्यु के बाद अपना जीवन इकलौते बेटे राजपाल सिंह की परवरिश में लगा दिया। बताया गया कि बेटे को पढ़ा-लिखाकर काबिल बनाने के लिए उन्होंने पहले फौज और फिर अमीन की नौकरी तक छोड़ दी थी। उन्हें उम्मीद थी कि बुढ़ापे में बेटा उनका सहारा बनेगा।
आरोप है कि समय बीतने के साथ बेटे और पोते ने बुजुर्ग को बोझ समझना शुरू कर दिया। स्वजन के अनुसार पहले उनकी जमा पूंजी खत्म कराई गई। इसके बाद डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए घर भी पोते के नाम करा दिया गया। पिछले सप्ताह बुजुर्ग की बाईं जांघ की हड्डी टूट गई और उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया।
ग्रेटर नोएडा निवासी बेटी और दिल्ली निवासी नाती अभिषेक छह सितंबर को मैनपुरी पहुंचे। बुजुर्ग की हालत देखकर उन्होंने पहले स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया। चिकित्सकों ने सर्जरी से हाथ खड़े कर दिए। सात सितंबर को अभिषेक उन्हें अपने साथ नोएडा ले गए।
सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। अभिषेक का कहना है कि हड्डी गिरने से नहीं, बल्कि प्रहार के कारण टूटी है। बुजुर्ग की उम्र अधिक होने के कारण सर्जरी में दिक्कत बताई गई है।
अब दिल्ली के एम्स या किसी अच्छे अस्पताल में उपचार कराने का प्रयास किया जा रहा है। अभिषेक ने राजपाल और उसके बेटे पर बुजुर्ग को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मामले के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। मामला संज्ञान में आया है। वृद्ध के स्वजन के बारे में जानकारी कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की जा रही है।
-अशोक कुमार सिंह, सीओ सिटी।
यह भी पढ़ें- सीतापुर में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, मां-बेटे की जिंदा जलकर मौत
यह भी पढ़ें- रायबरेली में 'इश्क, धोखा और कत्ल', प्रेमिका ने पति संग मिलकर ली प्रधान के बेटे की जान
